रंग-बिरंगी लाइटों के बीच इठलाती, इतराती मॉडलों के रैंप पर उतरते ही तालियों की गड़गड़ाहट से वातावरण गूंज उठा। रैंप पर एक के बाद एक आती मॉडल्स ने कैटवॉक कर जलवा बिखेरा। मॉडलों ने कभी भारतीय तो कभी विदेशी परिधानों से संस्कृति को दर्शाया
फैशन शो के बीच-बीच मेें कलाकारों के ग्रुप डांस ने भी समां बांधे रखा। मौका था आईआईएम के दो दिवसीय वार्षिकोत्सव के शुभारंभ का। टैगोर सभागार में शनिवार को हुए कार्यक्रम का उद्घाटन डायरेक्टर प्रो. अतानु रक्षित ने किया। इसके बाद कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विभिन्न राज्यों की संस्कृति को दर्शाया।
इस दौरान नुक्कड़ नाटक और गायन प्रतियोगिता के साथ खेल भी हुए। फैशन शो की प्रस्तुति दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रही। मॉडल्स ने रैंप पर कैटवॉक कर दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। फैशन शो में आईआईएम की टीम ने दूसरे इंस्टीट्यूट से आई टीम को पछाड़ दिया।
इससे पूर्व गायन प्रतियोगिता में एमटी लॉ स्कूल नोएडा के छात्र सिद्धार्थ कृष्णा और दौलत राम कॉलेज नई दिल्ली की छात्रा गरिमा भायना ने बाजी मारी। बैडमिंटन में आईआईएम ने यूबीएस चंडीगढ़ की टीम को हराया। आईआईटी रुड़की ने एमबीई दिल्ली, एफओआरई दिल्ली ने डीएसएम दिल्ली और आईआईएम गर्ल्स ने आईआईटी रुड़की को हरा दिया।
आज आएंगी बॉलीवुड अभिनेत्री
खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का फाइनल रविवार को होगा। बॉलीवुड अभिनेत्री तान्या पुरोहित, मशहूर हास्य कलाकार दीपक गोपाल कृष्णन और खेल के क्षेत्र से अमित सरोहा मुख्यातिथि होंगे। बता दें, कि तान्या पुरोहित ने पिछले वर्ष आई फिल्म एनएच-10 में भूमिका निभाई थी।