रोहतक। स्वतंत्रता दिवस पर ड्राई डे के चलते वीरवार रात आठ बजे महम में शराब न मिलने पर हुए झगड़े में कुछ युवकों ने शराब ठेकेदार के बेटे का दातों से कान काटकर अलग कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर महम थाने में 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक महम के वार्ड नंबर 13 निवासी मंजीत ने कहा है कि उसके पिता राजकुमार की शराब ठेके में हिस्सेदारी हैं। स्वतंत्रता दिवस पर शाम पांच बजे तक सभी शराब ठेके बंद रखने के आदेश सरकार की तरफ से जारी हुए थे। मैंने बामला निवासी सेल्समैन सुरेश के साथ करीब साढ़े पांच बजे ठेका खोला। यहां रात करीब आठ बजे भैणी चंद्रपाल निवासी अनिल, नरेंद्र, राजेश, भोपला, दीपक कबाड़ी, प्रदीप व चार पांच अन्य आए और शराब मांगी। अनिल ने ठेके के अंदर घुस कर दो बोतल शराब उठा ली। उन्हें टोका तो सभी ठेके में घुस आए और गाली गलौच करने लगे। अनिल ने मेरे बाएं कान पर बुड़का भर लिया और कान काटकर अलग कर दिया। शेष ने उसे लात घूसों से बुरी तरह पीटा। जाते समय आरोपी गल्ले से जबरन 7 हजार 280 रुपये व शराब की बोतलें भी ले गए। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।