Cash and jewelry stolen from former soldier's bag from Panchkula
रोहतक। पंचकूला से रिश्तेदारी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आए पूर्व सैनिक के बैग से किसी ने कट लगाकर 10 हजार रुपये और सोने-चांदी के आभूषण किसी ने चोरी कर लिए। पूर्व सैनिक का कहना है कि बस स्टैंड से झज्जर चुंगी के बीच ऑटो में बैठने के दौरान किसी ने वारदात की है। शिवाजी कॉलोनी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस को दी शिकायत में कृष्ण कुमार ने बताया कि वह चंडी मंदिर पंचकूला के रहने वाले हैं आर्मी से रिटायर्ड हैं। उन्होंने बताया कि 29 अगस्त को वह अपनी पत्नी के साथ रोहतक अपने भाई के बेटे की रिंग सरेमनी में शामिल होने आए थे। बस स्टैंड से वे एक ऑटो में सवार हो गए। इसी दौरान एक महिला व 5 पुरुष भी अचानक से ऑटो में सवार होने लगे। एकदम ऑटो के भीतर इतनी भीड़ देखकर कृष्ण कुमार खुद ही ऑटो में पीछे वाली सीट पर सवार हो गए। उनका कहना है कि उनकी पत्नी ऑटो में पीछे ड्राइवर के बाई ओर बैठी थीं। ऑटो में सवार अन्य लोगों ने बैग को एकदम से दाई ओर कर दिया। झज्जर चुंगी आने पर वह पत्नी के साथ बैग लेकर ऑटो से नीचे उतर गए। भाई के घर पहुंचने पर देखा कि बैग में किसी धारदार हथियार से कट मार कर एक सोने की चेन, दो सोने की अंगूठी व 10 हजार रुपये चोरी कर लिए गए। कृष्ण कुमार का शक है कि उपरोक्त वारदात ऑटो में सवार अन्य छह लोगों ने की है, जिसमें ऑटो चालक भी शामिल है। गौरतलब है कि इस तरह की पहले भी कई वारदात हो चुकी है, मगर आरोपियों का कुछ भी अता पता नहीं है।