रोहतक। सदर थाना क्षेत्र के किलोई गांव में सतीश की हत्या में पिता की शिकायत पर भतीजे अमित व गांव के ही सुंदर, नरेश और धर्मेंद्र समेत चार को नामजद करते हुए सात लोगों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने चार दोस्तों को हिरासत में ले लिया है। वहीं, चार बहनों के इकलौते भाई सतीश का सोमवार को पुलिस की मौजूदगी में गांव में अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
रविवार देर रात किलोई निवासी सतीश सात दोस्तों के साथ शराब पार्टी कर रहे थे। इन दोस्तों में सतीश का एक पारिवारिक भतीजा अमित भी शामिल था। शराब पार्टी के दौरान किसी बात पर सतीश का दोस्तों से विवाद हो गया और उन्होंने उसी के परने से गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने अधिक शराब पी रखी थी तो सही तरीके से पूछताछ नहीं हो सकी। नशा उतरने के बाद ही पूछताछ की जाएगी। सतीश के सचिन और आयुष दो बेटे हैं।
8 दिन बाद थी शादी की सालगिरह
सतीश की शादी 23 जून 2013 को हुई थी और इसी माह उसकी शादी को 12 साल होने वाले थे, लेकिन शादी की सालगिरह से 8 दिन पहले ही उसकी हत्या कर दी गई।
संगत ठीक नहीं है, इनके साथ मत पिया कर
सतीश के पिता दयानंद ने बताया कि उन्होंने बेटे को कई बार समझाया कि वह संगत में बैठकर शराब न पिए। जिनके साथ वह बैठता-उठता है, वे लोग अच्छे नहीं हैं, जबकि एक युवक तो परिवार का ही है और वह सतीश के रिश्ते में भतीजा लगता है, लेकिन वह माना नहीं और जान गंवा दी।