16 सीटीके31... शहर के वार्ड नंबर पांच के पार्षद सुरेश किराड़ नगर निगम आयुक्त डॉ. आनंद शर्मा टू
रोहतक। नगर निगम आयुक्त डाॅ. आनंद शर्मा सोमवार को वार्ड नंबर पांच में पहुंचे, जहां वार्ड पार्षद सुरेश किराड़ ने कहा कि इंजीनियरिंग ब्रांच के अधिकारियों को टूटी गलियां फिर से बनाने की कहते हैं तो कहा जाता है कि अवैध इलाका है। पहले प्रशासन गलियां बना सकता है तो अब क्यों नहीं। आयुक्त ने मौके पर ही इंजीनियरिंग ब्रांच के अधिकारियों को सर्वे कर रिपोर्ट देने के लिए कहा।
तीन दिन पहले सदन की बैठक में पार्षदों ने आवाज उठाई कि खोखराकोट इलाके के वार्डों में अधिकारी टूटी गलियां नहीं बनवा रहे हैं। आयुक्त ने मौके का निरीक्षण करने का वादा किया था। इसी कड़ी में दोपहर आयुक्त टीम के साथ वार्ड पांच में पहुंचे। उन गलियों का जायजा लिया, जो टूट चुकी हैं।
पार्षद ने बताया कि फतेहपुरी कॉलोनी, सलारा मोहल्ला व ढूंगी गोहर में करीब 15 गलियों की हालत खराब है। सरकार सीवर व पानी दे रही है तो गलियां क्यों नहीं बनवाई जा रही हैं। आयुक्त ने कहा कि गहराई से सर्वे किया जाए।
निगम की खाली जगह का पता लगाया जाए, ताकि उसके ऊपर अवैध कब्जा न हो। अधिकृत गलियों व रेवेन्यू रास्तों का पता लगाया जाए। मौके पर संयुक्त आयुक्त नमिता कुमारी, कार्यकारी अभियंता नवीन कुमार धनखड़, सहायक नगर योजनाकार तिलकराज, सहायक अभियंता शांत सुहाग व तरुण कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन भी मौजूद रहे।