खुरमपुर रोड स्थित शराब ठेके पर पिस्तौल के बल पर लूटपाट कर भाग रहे कार सवार युवकों ने गश्त कर रही पुलिस की पीसीआर में टक्कर मार दी। घटना के बाद कार से उतर कर भाग रहे युवक को पुलिस ने पकड़ लिया। इस पर साथी चारों युवकों ने पुलिस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। वहीं, अपने साथी को छुड़ाकर भाग गए। इस दौरान हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया। ठेके के सेल्समैन व घायल पुलिसकर्मी ने मामले की शिकायत सांपला थाना पुलिस से की है। मामले में पांच युवकों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सांपला थाना पुलिस से की गई शिकायत में झज्जर के गांव निलौठी निवासी पवन ने बताया कि वह खुरमपुर रोड हसनगढ़ शराब के ठेके पर सेल्समैन है। ठेका बंद होने के कारण वह अपने साथी विपिन के साथ यहां बने हॉल में रहता है। 20 मई की रात करीब 2 बजकर 10 मिनट पर पांच युवक ठेके का शटर तोड़कर हॉल में घुस गए। उनमें से एक युवक ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल लगा दी। साथ ही जेब से 2400 रुपये लूट लिए। इसके बाद भाग गए। उधर, ईएचसी सुरेश कुमार ने बताया कि 20 मई की रात को वह पीसीआर 17 पर बतौर इंचार्ज ड्यूटी कर रहे थे। चालक सिपाही बलजीत व एसपीओ सुरेंद्र भी मौजूद रहे। एसपीओ को हसनगढ़ बैंक व एटीएम बूथ की निगरानी पर छोड़कर करीब सवा दो बजे वह व बलजीत पीसीआर लेकर एटीएम बूथ व शराब ठेके को चेक करते हुए गांव हसनगढ़ से खुरमपुर रोड पर गश्त करते हुए जा रहे थे। जब वे खुरमपुर रोड पर शराब ठेके के पास पहुंचे तो शराब ठेके की ओर से एक तेज रफ्तार गाड़ी आती हुई दिखाई दी। इसको संदिग्ध मानकर पीसीआर को सड़क किनारे रोक लिया। उक्त गाड़ी को रोकने की कोशिश की, लेकिन कार चालक ने पीसीआर को टक्कर मार दी। इसके बाद इसमें सवार युवक उतरकर भागने लगे। इनमें से एक युवक को पुलिस ने मौके पर काबू कर लिया। उसे छुड़ाने के के लिए अन्य युवकों ने लाठी-डंडों से पुलिस पर हमला कर दिया। हमले में इएचसी बेहोश हो गए और आरोपी अपने साथी को छुड़ाकर भाग गए।
दिल्ली के नंबर की है कार
पुलिस ने मौके से जो कार बरामद की है, उसका नंबर दिल्ली का है। इस दौरान कार से एक लाइसेंस भी मिला है, जो जिला झज्जर के गांव खुगाई निवासी विवेक का है। पुलिस कार की डिटेल खंगालने में लगी हुई है। सांपला थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।