नशामुक्त हरियाणा की मुहिम में लगे हरियाणा पूर्व सैनिक संघ व सर्वखाप पंचायत के प्रवक्ता और सुनो नहरों की पुकार मिशन के सदस्य कैप्टन जगवीर मलिक शनिवार को जाट स्कूल में चल रहे एनएसएस कैंप में पहुंचे।
एनएसएस अधिकारी रेखा मलिक ने कैप्टन मलिक का सबसे परिचय करवाया और उन्हें व्याख्यान देने के लिए आमंत्रित किया। व्याख्यान के प्रथम सोपान में कैप्टन मलिक ने व्यक्तिगत चरित्र और राष्ट्रीय चरित्र के बारे में बताया। उन्होंने स्वामी रामकृष्ण परमहंस के संदर्भ में कहानी सुनाते हुए बताया कि जापान का राष्ट्रीय चरित्र इतना मजबूत है कि उन्होंने 1945 की परमाणु त्रासदी के बाद बहुत जल्दी ऊंचे दर्जे की उन्नति हासिल की।
अपने व्याख्यान के दूसरे सोपान में उन्होंने नशे रूपी महारोग से परहेज करने के लिए युवाओं को प्रेरित किया। व्याख्यान के अंत में कैप्टन मलिक ने युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। व्याख्यान के समापन पर उन्होंने एनएसएस अधिकारी के साथ कार्यक्रम में बेहतरीन रुचि दिखाने और सही उत्तर देने वाले विद्यार्थी राहुल और परीक्षित को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस मौके पर स्कूल के डायरेक्टर कर्नल अशोक मोर, शिक्षक सुनीता मलिक, कोच कांता दहिया, अमरजीत और करीब 60 विद्यार्थी मौजूद रहे।