सांपला। नगर पालिका चुनाव को लेकर उम्मीदवार व मतदाता दोनों को तारीख का इंतजार है। चुनाव आयोग की तरफ से 25 मार्च तक मतदाता सूची को अंतिम रूप दिया जा चुका है। आपत्ति व दावे सब की सुनवाई हो चुकी है। कस्बा वासियों को अप्रैल के अंतिम सप्ताह में चुनाव होने की उम्मीद थी लेकिन अभी तक आयोग की तरफ से चुनाव की कोई घोषणा नहीं की गई।
अब चुनाव अप्रैल की बजाय मई में होने की संभावना हो गई है। सांपला नगर पालिका चेयरमैन पद के लिए करीब एक दर्जन उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव प्रचार जारी है। प्रत्याशियों की ओर से वोटरों को अपने पक्ष में करने के लिए जोड़-तोड़ किया जा रहा है।
इस चुनाव से कांग्रेस अब तक दूरी बनाए हुए है जबकि भाजपा की ओर से चेयरमैन पद के लिए चुनाव लड़ा जाएगा। मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा और नगर निगम के अध्यक्ष राम अवतार वाल्मीकि को इसकी कमान सौंपी गई। कई भाजपा कार्यकर्ता पार्टी से चेयरमैन की टिकट पाने के लिए सीनियर नेताओं के चक्कर काट रहे हैं।
यह भी चर्चा है कि कांग्रेस से जुड़े दो प्रत्याशी भी भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ना चाहते हैं। विधानसभा मतदाता सूची के मुताबिक कस्बे में 15 हजार 642 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। अब 500 नए वोट और बन गए हैं। उसको भी मतदान करने का अधिकार मिल सके इसे लेकर नगरपालिका चुनाव आयोग को पत्र लिखेगा।