माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। कैथल जिले के कलायत निवासी अमित (35) ने वीरवार देर रात पत्नी को बोला कि वह घर आ रहे हैं। देर रात होने के कारण पत्नी ने आने से मना कर दिया। अगले दिन खरावड़ रेलवे लाइन के पास उनका शव मिला। आशंका है कि ट्रेन से गिरने से उनकी मौत हुई है। शनिवार शाम को परिजन उनका शव कलायत स्थित घर पर ले गए।
पीजीआई के डेड हाउस शव लेने पहुंचे साहिल ने बताया कि उनके मामा सोम कुमार के दो बेटे हैं। बड़े बेटे अमित दिल्ली स्थित पेटीएम कंपनी में नौकरी करते थे। वह ड्यूटी के बाद वीरवार देर रात बहादुरगढ़ पहुंचे। अमित ने पत्नी निकिता को फोन करके कहा कि वह घर आ रहे हैं।
देर रात होने के कारण पत्नी ने रात को आने से इन्कार कर दिया। बोलीं-सुबह आ जाना। शुक्रवार शाम को सूचना मिली कि रोहतक-दिल्ली रेलवे लाइन पर खरावड़ रेलवे स्टेशन के पास अमित का शव मिला है। आशंका है कि ट्रेन से गिरने से उनकी मौत हुई है। ऐसे में शनिवार को पिता सोम कुमार व बुआ का लड़का साहिल रोहतक पहुंचे। बहादुरगढ़ जीआरपी ने पोस्टमार्टम के बाद शव उनके हवाले कर दिया।
-
मुंह के बल गिरा था युवक
पिता सोम कुमार ने बताया कि अमित के दो बच्चे हैं। छह साल की बेटी विधिशा और चार माह का बेटा मानी है। बेटा होने पर घर पर जमकर पार्टी की थी। उनको लगता है कि अमित ने शराब पी रखी थी। इस कारण चलती ट्रेन से गिर गया। एंबुलेंस चालक ने बताया कि जब वे शव लेने गए तो अमित मुंह के बल गिरा हुआ था। सिर में पत्थर से चोट लगने के निशान थे।
देर रात होने के कारण पत्नी ने घर आने से किया था मना
साहिल ने बताया कि उनकी भाभी निकिता ने अमित से कहा था कि देर रात घर न आएं। वह नहीं माने। शनिवार शाम को अमित की जगह उनका शव ही घर पहुंच गया। मौत से परिवार में मातम का माहौल है।
-
11 साल पहले सड़क हादसे में छोटे बेटे की भी हो चुकी मौत
साहिल ने बताया कि 11 साल पहले सड़क हादसे में मामा के छोटे बेटे की मौत हो गई थी। अब ट्रेन से गिरने से बड़े बेटे अमित की जान चली गई। माता-पिता अकेले रह गए हैं।
11-कैथल के कलायत निवासी अमित पत्नी निकिता व बेटी के साथ। स्रोत :परिजन