दलित नेता अशोक तंवर पर हुए हमले के विरोध में दलित गौरव युवा मंच का प्रदर्शन
- फोटो : protest
तंवर पर हुए हमले में पूर्व सीएम हुड्डा पर साजिश का आरोप लगाते हुए दलित गौरव युवा मंच ने सोमवार को उनकी शव यात्रा निकाली। इसके बाद हुड्डा का पुतला जलाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सीएम के इशारे पर ही दलित नेता और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर पर जानलेवा हमला किया गया है।
मंच के प्रदेशाध्यक्ष अमित अहलावत के नेतृत्व में सोमवार दोपहर कार्यकर्ता पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा की शव यात्रा निकालते हुए मेडिकल मोड़ पर पहुंचे। यहां पर कार्यकर्ताओं ने उनका पुतला जलाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह हमला तंवर पर नहीं, बल्कि पूरे समाज पर है। चमार गौरव सेना के प्रदेशाध्यक्ष पूर्ण सिंह ने कहा कि विधायक गीता भुक्कल और शकुंतला खटक भी हुड्डा के इशारे पर काम करतीं हैं। उन्होंने चेताया कि ऐसी हरकतों के विरोध में पूर्व सीएम के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर संदीप, महीपाल, अजय, विकास, अमित, संजय, कमल, विजय और राकेश आदि मौजूद रहे।