स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफार्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स में छात्रों और प्रशासन के बीच चल रहे खींचतान में नया मामला सामने आया है। हाल ही में यूनिवर्सिटी के एक फैकल्टी और छात्र के बीच हुई बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ है। ऑडियो में फैकल्टी भी यूनिवर्सिटी प्रशासन से परेशान नजर आ रहे हैं। बातचीत में यूनिवर्सिटी के एक प्रशासनिक अधिकारी को लेकर कहा गया है कि एक थर्ड क्लास व्यक्ति मुझे उल्टे-सीधे पत्र भेजकर काम सिखा रहा है, जबकि मैंने 50 साल की नौकरी में कभी अपने ऊपर दाग नहीं लगने दिया।
दरअसल, स्टेट यूनिवर्सिटी में पिछले कई दिनों से छात्र अनिश्चितकालीन धरने पर हैं। यूं तो छात्रों की काफी समस्याएं हैं, लेकिन इसमें उनकी मुख्य मांग है कि वीसी को हटाया जाए। अभी तक चल रहे प्रकरण में लग रहा था कि यूनिवर्सिटी प्रशासन से केवल छात्र ही परेशान हैं, लेकिन रविवार को फैकल्टी और छात्र के बीच हुई बातचीत का एक ऑडियो वायरल हुआ है। हालांकि ऑडियो कई माह पहले का है, लेकिन इसमें फैकल्टी ने विवि प्रशासन को लेकर जो बात कही है उससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
ऑडियो की शुरुआत में छात्र फैकल्टी को समस्याएं बताते हैं, जिस पर फैकल्टी कहते हैं कि मैं यहां चाहकर भी कुछ नहीं कर सकता। मुझे जो पद दिया गया है वह सिर्फ नाम के लिए है। कई नामचीन संस्थानों में नौकरी की, लेकिन ऐसा माहौल कहीं नहीं मिला। यूनिवर्सिटी के एक प्रशासनिक अधिकारी पर सवाल उठाते हुए फैकल्टी कहते हैं कि एक थर्ड क्लास व्यक्ति मुझे उल्टे-सीधे पत्र भेजता है, जिसे खुद इस डिपार्टमेंट के बारे में कोई जानकारी नहीं है। इसके अलावा ऑडियो में और भी काफी कुछ कहा गया है।
फैकल्टी के इस ऑडियो से माना जा रहा है कि यूनिवर्सिटी प्रशासन से यहां सभी परेशान हैं। देखना है कि छात्रों की तरफ से किए गए इस वार पर यूनिवर्सिटी प्रशासन क्या तर्क देता है। उधर, मेन गेट के बाहर चल रहा छात्रों का धरना रविवार को भी जारी रहा।
आज राज्यमंत्री करेंगे उद्घाटन, छात्र करेंगे विरोध-प्रदर्शन
कैंपस में हर्बल गार्डन को लेकर यूनिवर्सिटी प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को तीन बजे होने वाले कार्यक्रम में राज्यमंत्री मनीष ग्रोवर हर्बल गार्डन का उद्घाटन करेंगे। उधर, छात्रों ने चेतावनी दी है कि कोई भी छात्र कार्यक्रम में शामिल नहीं होगा। वह मेन गेट के बाहर शांतिपूर्वक तरीके से काली पट्टी बांधकर विरोध-प्रदर्शन करते रहेंगे। विरोध-प्रदर्शन की तैयारियों को लेकर देर शाम छात्रों ने बैठक कर रणनीति भी तैयार की।