हिसार। लुवास में करीब एक महीने से बेमियादी धरने पर बैठे आईआईवीईआर बहु अकबुरपुर के बीवीएससी के विद्यार्थियों की दो मांगें मानने पर विद्यार्थियों ने शनिवार दोपहर को धरना समाप्त किया। हाजिरी पूरी करवाने, इंटर्नशिप और परीक्षाएं विवि में करवाने की मांग को लेकर विद्यार्थी 7 फरवरी से धरने पर बैठे थे। इसके बाद 16 फरवरी से हर रोज 6 विद्यार्थी क्रमिक भूख हड़ताल पर भी रहे हैं।
विवि में इंटर्नशिप करवाने की तीसरी मांग अभी नहीं मानी गई है। इसको लेकर विद्यार्थियों और कॉलेज प्रशासन की बात चल रही है। शुक्रवार को इसको लेकर कॉलेज प्रबंधन व विद्यार्थियों उनके अभिभावकों की बैठक रोहतक एसडीएम और उपायुक्त के साथ बैठक हुई जो बेनतीजा रही। वहीं, कॉलेज प्रबंधन द्वारा फीस में बढ़ोतरी करने का मामले भी हाईकोर्ट में चल रहा है।
धरने के बाद विद्यार्थियों ने की साफ-सफाई
लुवास में वीसी ऑफिस के सामने टेंट लगाकर धरने पर बैठे विद्यार्थियों ने धरना समाप्ति के बाद कैंपस परिसर में सफाई अभियान भी चलाया और धरने वाले स्थान और आसपास के क्षेत्र में सफाई भी की। विद्यार्थियों की क्रमिक भूख हड़ताल के दौरान धरने पर बैठी एक विद्यार्थियों में छात्रा रितिका धरना स्थल पर बेहोश हो गई थी। इस दौरान कई बार विद्यार्थियों ने रोष मार्च भी निकाला था।