रोहतक। पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय महाविद्यालय में विद्यार्थियों की शिकायतों के बाद अंग्रेजी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर मोनू देवी को निलंबित कर दिया गया है। शिक्षिका के खिलाफ विद्यार्थियों ने नियमित रूप से देरी से कॉलेज पहुंचने, निर्धारित कक्षाएं नहीं लेने और उपस्थिति दर्ज करवाने के बाद जल्दी चले जाने की शिकायतें की थीं। उनके व्यवहार को लेकर भी विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रशासन से शिकायत की थी। कॉलेज प्रशासन ने मामले को स्टूडेंट ग्रिवेंस सेल के पास भेजा था। सेल की जांच रिपोर्ट के बाद मामला उच्चतर शिक्षा विभाग तक पहुंचा, जहां से शिक्षिका के निलंबन के आदेश जारी कर दिए गए।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सुरेंद्र सांगवान ने बताया कि शिक्षिका के खिलाफ विद्यार्थियों की ओर से कई शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इनमें समय पर कॉलेज नहीं पहुंचना, कक्षाएं नहीं लेना और हाजिरी लगाने के बाद जल्दी चले जाना प्रमुख थीं। स्टूडेंट ग्रिवेंस सेल की जांच के बाद आगे की कार्रवाई के लिए मामला उच्चतर शिक्षा विभाग को भेजा गया था।
निलंबन अवधि में झज्जर रहेगा मुख्यालय
हरियाणा सरकार के उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार मोनू देवी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय राजकीय महाविद्यालय, झज्जर निर्धारित किया गया है। उन्हें सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।