माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। एएसआई संदीप लाठर का जुलाना में श्मशान के नजदीक खाली पड़ी नगर पालिका की जमीन पर स्मारक बनाने की मांग सरकार से की जाएगी। शनिवार को जुलाना में हुई पंचायत में मांग सरकार के सामने रखने का निर्णय लिया गया। पंचायत में परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे।
परिवार की तरफ से बताया गया कि संदीप की मौत के बाद समाज के लोग सांत्वना देने घर आ रहे थे। इस दौरान बात सामने आई कि एएसआई संदीप लाठर का शहीदों की तरह स्मारक बनना चाहिए। इसके लिए जुलाना में ही नगर पालिका में श्मशान के नजदीक खाली जमीन ली जा सकती है।
जिला परिषद जींद के चेयरमैन कुलदीप ने कहा था कि पहले संदीप लाठर ट्रस्ट का गठन करके पंजीकरण करवाया जाए। ट्रस्ट को वह ग्रांट दिलवाने का प्रयास करेंगे। मंथन के बाद पंचायत में निर्णय हुआ कि इस मांग को लेकर मुख्यमंत्री नायब सैनी से मिला जाए। इसके लिए ओएसडी वीरेंद्र बढ़खालसा से बात हुई। ओएसडी ने कहा कि वह खुद परिवार से मिलने जुलाना आएंगे और परिजनों से हर मांग पर बातचीत होगी।
एसआईटी को नहीं मिली घटना के 11 दिन बाद भी गोली, ब्लड मिलान के लिए है जरूरी
एएसआई संदीप लाठर सुसाइड केस की जांच कर रही एसआईटी तथ्यों को एकत्रित कर रही है। इसके लिए उस गोली को बरामद किया जाना जरूरी है जिससे संदीप की मौत हुई है। घटना के 11 दिन बाद भी जांच टीम घटनास्थल से गोली का खोल बरामद नहीं कर सकी है। एक्सपर्ट का कहना है कि अगर गोली मिल जाती तो उस पर लगे ब्लड का संदीप के ब्लड से मिलान किया जा सकता है।।