रोहतक। गर्मी में उफनते पारे के साथ पेयजल किल्लत भी गहराती जा रही है। मंगलवार को गुस्साए पार्षदों ने छह घंटे तक जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ कार्यालय में धरना दिया। वार्ड-7 के पार्षद कपिल नागपाल व वार्ड 20 के पार्षद प्रवीण कौशिक ने चेतावनी दी कि जब तक अधिकारी आश्वासन नहीं देंगे, तब तक धरना जारी रहेगा। शाम छह बजे एसडीओ राजेश के आश्वासन पर पार्षद माने और धरना समाप्त किया।
वार्ड-7 के पार्षद कपिल नागपाल कई नागरिकों सहित दोपहर 12 से नारेबाजी करते हुए सोनीपत स्टैंड स्थित जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ कार्यालय पहुंचे। यहां स्वच्छ पेयजल की मांग को लेकर धरना दिया। धरने का पता लगते ही एसडीओ कार्यालय से चले गए।
हाथों में गंदे पानी की बोतल लिए पार्षद ने कहा कि लोगों के घर यह पानी आ रहा है। पार्षद बनने के बाद सवा साल में करीब पांच बार विभाग में पेयजल संबंधित शिकायत लेकर आए हैं। अब तक वार्ड में पेयजल समस्या बनी हुई है। वार्ड में छह दिन से पेयजल नहीं आ रहा है। इससे गंभीर जलसंकट उत्पन्न हो गया है।
वार्ड-20 से पार्षद प्रवीण कौशिक ने भी धरने में शामिल होते हुए कहा कि यह समस्या केवल एक वार्ड की नहीं है। शहर में और भी कई स्थानों पर यही स्थिति है। विभाग कहता है कि पानी का ढाई दिन का स्टोरेज है।
अगर पानी है तो घरों तक पहुंच क्यों नहीं रहा है। कॉलोनियों में गंदा पानी आ रहा है। धरने पर वार्ड-5 से पार्षद सुरेश किराड़ भी बैठे। इन्होंने भी समाधान की मांग उठाई। वार्ड-10 से सुमित नांदल, वार्ड-15 से हर्षित मिगलानी, वार्ड-16 से दीपू नागपाल के अलावा किला मोहल्ला, पाड़ा मोहल्ला, सलारा मोहल्ला, अर्जुन गली व कई कॉलोनियों के लोग भी धरने में शामिल हुए।
एसडीओ कार्यालय में शाम को छह बजे विभाग के एसडीओ राजेश रोहिल्ला ने ऑफिस आकर पार्षदों से बातचीत की और आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।
-
मेरे पास रोहतक के अलावा बहादुरगढ़ का भी चार्ज है। अचानक बहादुरगढ़ जाना पड़ा। वहां से आने के बाद शाम को पार्षदों से बातचीत कर समाधान का आश्वासन दिया है। जहां पानी नहीं पहुंच रहा, वहां टैंकर भेजेंगे और सबमर्सिबल भी लगाएंगे। विभाग की टीम लीकेज तलाश कर समाधान करेंगी।
- राजेश रोहिल्ला, एसडीओ, जन स्वास्थ्य विभाग
पाड़ा मोहल्ले में एक महीने से गंदा पानी आ रहा है। मुश्किल से आधा घंटा पानी आता है। उसमें भी लगभग 20 मिनट गंदा पानी आता है।
- अनीता, पाड़ा मोहल्ला निवासी
-
तीन दिन से घरों में पानी की एक बूंद भी नहीं पहुंच रही है। हमें पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है। रोजाना 100 रुपये का पानी पीने के लिए खरीद रहे हैं।
- ममता, तेज कॉलोनी निवासी
कॉलोनी में दो माह से पानी की किल्लत बनी हुई है। लोगों में आक्रोश है। करीब एक करोड़ से बनाया गया बूस्टर नजदीक होने पर भी घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
- विनोद, फतेहपुर कॉलोनी
सलारा मोहल्ला क्षेत्र में पानी नहीं पहुंच रहा है। जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से टैंकर भी नहीं भेजे जा रहे हैं। करीब डेढ़ किलोमीटर दूर से पानी लेकर आते हैं।
- प्रवीण, सालारा मोहल्ला निवासी
जनता को शुद्ध जल देना जन स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी है। पानी की सप्लाई न होने से शहर की जनता परेशान है। जल की कमी से गांव और शहर सब परेशान हो रहे हैं। समस्या का समाधान जल्द हो।
- कैप्टन जगबीर मलिक, हनुमान कॉलोनी निवासी
-
प्रथम जलघर से होने वाली सप्लाई वाली कॉलोनियों में ज्यादा दिक्कत है। 48 घंटे में मात्र आधा घंटा ही पानी दिया जा रहा है। वह भी पीने लायक नहीं होता। समाधान नहीं होने से लोगों में रोष है।
- डॉ. जगमति सांगवान, जसबीर कॉलोनी
वर्जन
शहर की मांग पर मुनक हेड सेे मंगलवार सुबह सात बजे 500 क्यूसेक पानी छोेड़ा गया है। यह शहर में बुधवार रात तक पहुंचेगा।
सतीश कुमार, एसडीओ, सिंचाई विभाग।
24-रोहतक के मानसरोवर पार्क स्थित प्रथम जलघर के उपमंडल कार्यालय में काला पानी दिखाती महिला। संव
24-रोहतक के मानसरोवर पार्क स्थित प्रथम जलघर के उपमंडल कार्यालय में काला पानी दिखाती महिला। संव