रोहतक। पीजीआई में शुक्रवार को सोनीपत के सिराखेड़ी निवासी आनंद ने जच्चा-बच्चा विभाग के वार्ड दो स्थित लेबर रुम में भर्ती मरीज को सिंगल डोनर प्लेटलेट्स दान दिए और उसकी जान बचाई। मरीज प्लेसेंटा प्रीविया की समस्या से ग्रस्त थी।
मरीज की आपातकालीन लोअर सेगमेंट सिजेरियन सेक्शन सर्जरी निर्धारित थी। प्लेटलेट्स की संख्या बेहद कम होने से सर्जरी के दौरान जानलेवा रक्तस्राव (ब्लीडिंग) का खतरा था। ऐसी गंभीर स्थितियों में सुरक्षित सर्जरी करने व जटिलताओं को रोकने के लिए प्लेटलेट्स की समय पर जरूरत थी। इस पर आनंद आगे आए और प्लेटलेट्स दान की।
सिंगल डोनर प्लेटलेट्स एक कम्पोनेंट थेरेपी
सिंगल डोनर प्लेटलेट्स एक कम्पोनेंट थेरेपी है। इसके तहत डोनर से प्राप्त प्लेटलेट्स की एक केंद्रित खुराक मरीज को दी जाती है। समय पर किए योगदान ने मरीज की स्थिति को स्थिर करने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह प्रक्रिया विभागाध्यक्ष डॉ. गजेंद्र सिंह, डॉ. आशना और लैब टेक्नीशियन सुनील सिहाग की देखरेख में हुई।