रोहतक। जिले में यूरिया की ऑनलाइन खरीद में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। गांव मकड़ोली खुर्द के किसान महावीर ने आरोप लगाया कि उन्होंने एक बैग यूरिया खरीदा लेकिन उनके नाम पर ऑनलाइन 49 बैग दर्ज कर दिए गए। किसान ने कृषि विभाग में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
महावीर ने बताया कि गांव में यूरिया नहीं मिलने पर उन्होंने अनाज मंडी से एक बैग खरीदा था। दोबारा यूरिया लेने पहुंचे तो पता चला कि उनके नाम पर 49 बैग दर्ज हैं। खरीद के बाद उन्हें कोई मैसेज भी नहीं मिला। उन्होंने संबंधित दुकानदार का लाइसेंस रद करने की मांग की है।
रोहतक के क्वालिटी कंट्रोल ऑफिसर डॉ. दिनेश शर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में है और जांच चल रही है। किसान ने लिखित शिकायत दी है। दुकानदार को भी पक्ष रखने के लिए बुलाया गया है। फर्जीवाड़ा साबित होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।