फोटो संख्या:-77 राजकीय महिला महाविद्यालय भावन--संवाद
महेंद्रगढ़। अब राज्य परिवहन नारनौल डिपो व आसपास के जिलों के सभी डिपो की बसें राजकीय महिला महाविद्यालय के सामने रुकेंगी। इसके लिए राज्य परिवहन नारनौल डिपो महाप्रबंधक की ओर से पत्र जारी कर चालकों व परिचालकों को आदेश जारी किए गए हैं।
विकास एवं निगरानी समिति सदस्य संदीप मालड़ा ने बताया कि गत दिनों महेंद्रगढ़-भिवानी सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह के महेंद्रगढ़ दौरे के दौरान महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने कॉलेज टाइम में गुजरने वाली सभी बसों के ठहराव की मांग उठाई थी।
छात्राओं का कहना था कि बस स्टैंड से कॉलेज की दूरी तीन किलोमीटर है। ऐसे में बसों के ठहराव नहीं होने से उन्हें ऑटो या निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है जिससे उनपर आर्थिक भार बढ़ रहा है।
छात्राओं की इस समस्या को सांसद ने गंभीरता से लेते हुए राज्य परिवहन के महाप्रबंधक को पत्र जारी कर कॉलेज के सामने बसों का ठहराव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महाप्रबंधक की ओर से सभी बस चालकों को बसों के ठहराव के आदेश जारी किए गए हैं। साथ ही आसपास के डिपो महाप्रबंधकों को भी इस बारे जानकारी दी है।