शहर में बनने वाले एलिवेटेड रोड के विरोध में व्यापारी एक बार फिर से खड़े होने लगे हैं। जिसको लेकर छोटूराम चौक पर इकट्ठा हुए व्यापारी जुलूस निकालते हुए लघु सचिवालय पर पहुंचे और वहां हंगामा किया गया। व्यापारियों ने एलिवेटेड रोड के विरोध में डीसी को ज्ञापन सौंपा और इस पर रोक नहीं लगाने पर हाईकोर्ट व सुप्रीमकोर्ट तक जाने की चेतावनी दी।
एलिवेटेड रोड के विरोध में सोमवार को पूर्व गृह राज्यमंत्री सुभाष बतरा के नेतृत्व में काफी संख्या में शहर के प्रमुख व्यापारी छोटूराम चौक पर इकट्ठा हुए और प्रदर्शन करते हुए व्यापारी लघु सचिवालय पहुंचे। वहां पूर्व मंत्री बतरा ने कहा कि सरकार का एक मंत्री अपने स्वार्थ के लिए एलिवेटेड रोड बनवा रहा है, जबकि उससे व्यापारियों व अन्य लोगों को कोई फायदा नहीं होने वाला है। इससे ट्रैफिक जाम की समस्या का समाधान तो होगा ही नहीं और व्यापार भी पूरी तरह से ठप हो जाएगा। इस दौरान सरकार के सामने प्रस्ताव रखा गया कि वह रोड से एक भी फायदा बताती है तो सभी इसका समर्थन करेंगे और अगर इसका फायदा नहीं बताया जाता है तो विरोध जारी रहेगा। इसको लेकर ही व्यापारियों की दो दिन पहले एक बैठक भी हुई थी, जिसमें किसी भी कीमत पर एलिवेटेड रोड का निर्माण नहीं होने देने का निर्णय लिया गया। इसके लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाना पड़ा तो वहां भी जाएंगे। व्यापारियों की ओर से सरकार को सलाह दी गई कि जाम की समस्या को दूर करना है तो पार्किंग का निर्माण करवाया जाए। इसके अलावा ऑटो व अतिक्रमण की समस्या का निस्तारण किया जाए। एलिवेटेड रोड बिना सर्वे करवाए बनवाया जा रहा है और इसे जबरन लोगों पर थोपा जा रहा है। जिस पर 150 करोड़ रुपये बर्बाद किए जा रहे हैं। सीएम को बरगलाकर इसका उद्घाटन भी करवा लिया गया। इसके बाद व्यापारियों ने डीसी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान हेमंत बख्शी, डा. अरुण नरूला, डा. मनोज गोयल, रवि गुगनानी, सुमित सोनी, अवतार सिंह कोच्चर उर्फ डोली, अशोक सचदेवा, पूर्ण चुघ, चन्द्रशेखर बतरा आदि मौजूद रहे।
शांतमई चौक पर सुभाष बतरा की संपत्ति, इसलिए विरोध कर रहे : ग्रोवर
कांग्रेस नेता और पूर्व गृह राज्यमंत्री सुभाष बतरा के नेतृत्व में एलिवेटेड रोड को लेकर प्रदर्शन किया गया है, उससे व्यापारियों का कोई लेना देना नहीं है। कांग्रेस के शासनकाल में जब शहर के अंदर सर्कुलर रोड, काठ मंडी रोड, भिवानी रोड, जींद बाईपास रोड पर फ्लाई ओवर बने थे। उस समय व्यापारियों के हितैषी सुभाष बतरा कहां थे। पूर्व मंत्री की निजी संपत्ति शांतमई चौक पर है, इसलिए वे इसका विरोध कर रहे हैं। कांग्रेस के शासन काल में बने फ्लाई ओवर से व्यापारी सबसे ज्यादा प्रभावित हुए थे। लेकिन भाजपा सरकार एलिवेटेड रोड बना रही है, जिससे एक भी दुकानदार प्रभावित नहीं होगा।