रोहतक। शहर के शीला बाईपास स्थित स्टेशनरी के दुकानदार पर गोली चलाकर 25 हजार रुपये व दो मोबाइल छीनकर भागने वाले नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ स्नेचिंग व अन्य मामलों के आठ से नौ केस पहले से दर्ज हैं। यह छह माह पहले ही जेल से छूटकर बाहर आए थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में और खुलासे की उम्मीद है।
पुलिस ने स्टेशनरी संचालक प्रमोद से हुई लूट की वारदात को सुलझाते हुए दो आरोपी गिरफ्तार किए हैं। आईएमटी इलाके से पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार किया है। पूछताछ में इनकी पहचान निंदाना निवासी मोहित व खेड़ी साध निवासी मोहित के रूप में हुई। यह दोनों दोस्त हैं। पिछले काफी समय से मिलकर स्नेचिंग व अन्य वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। निंदाना निवासी मोहित के खिलाफ आठ व खेड़ी साध निवासी मोहित के खिलाफ नौ केस पहले से दर्ज हैं। दोनों छह माह पूर्व ही बेल पर जेल से बाहर आए हैं। बाहर आकर स्टेशनरी संचालक को अपना पहला शिकार बनाया था। इसके बाद कोई और वारदात को अंजाम देते, इससे पूर्व ही इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है। पूछताछ में इनसे जल्दी ही और खुलासे की उम्मीद है।
दुकानदार से रुपये व मोबाइल छीनने वाले आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। इनसे पूछताछ जारी है। आरोपियों से रुपये, असलाह व बाइक बरामद करनी है। इसके लिए इन्हें रिमांड पर लिया जाएगा। यह दोनों नशे के आदी हैं। नशे की लत पूरा करने के लिए यह वारदात करते रहे हैं। पुराने केस अदालत मेंं विचाराधीन हैं।
मेधा भूषण, एसीपी।