मानसरोवर कॉलोनी के बाद अब संदिग्ध नकाबपोश युवक जनता कॉलोनी में पहुंचे। जहां रात 11 बजे गुरुग्राम की कंपनी में कार्यरत कंप्यूटर इंजीनियर अमित रोहिल्ला के मकान की घंटी बजाई। अमित ने पड़ोसी मास्टर वीरेंद्र के साथ मिलकर युवक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह साथी के साथ हवाई फायरिंग करके बाइक पर फरार हो गया। अब पुलिस सीसीटीवी खंगालकर युवकों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक जनता कॉलोनी निवासी अमित रोहिल्ला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार रात करीब 11 बजे परिवार के साथ खाना खाकर सो गया। इसी बीच घर के दरवाजे पर लगी घंटी बजी। आवाज सुनकर उसकी पत्नी उठी। उसने घर में लगे सीसीटीवी की स्क्रीन पर देखा तो एक नकाबपोश युवक घंटी बजाने के बाद घर से पश्चिम दिशा में जाकर नगर निगम की ओर से लगाए गए बेंच पर बैठ गया। 10 मिनट बाद पड़ोसी वीरेंद्र मास्टर कार लेकर आया। इसके बाद अमित घर से बाहर निकला। दोनों ने युवक को गली में ढूंढना शुरू किया। गली में भीड़ जमा हो गई। इसी बीच गली से पैदल जा रहे युवक को उसकी पत्नी ने पहचान लिया। उसने शोर मचाया कि घंटी बजाने वाला यही युवक है। अमित व मास्टर वीरेंद्र ने बाइक पर उसका पीछा किया। युवक भागता हुआ एक बंद गली में जाकर छुप गया। उसने हवाई फायरिंग की। इससे अमित व वीरेंद्र पीछे हट गए। इसके बाद एक युवक बाइक पर आया और नकाबपोश को बाइक पर बैठाकर झज्जर चुंगी की तरफ लेकर फरार हो गया। सोमवार को गली के लोग शिवाजी कॉलोनी थाने में पहुंचे और लिखित शिकायत दी। पुलिस ने दहशत फैलाने का मामला दर्ज किया है।
बता दें कि शनिवार की रात दो नकाबपोश युवक मानसरोवर कॉलोनी में एसबीआई के अधिकारी कपिल चावला के मकान में घुस गए थे। उन्होंने घर पर अकेली 11 साल की बच्ची को पिस्तौल दिखाकर बंधक बनाया और साढ़े 4 लाख के जेवरात निकाल कर ले गए थे। अब जनता कॉलोनी में नकाबपोश युवकों की दस्तक से पुलिस गश्त पर सवाल उठ रहे हैं।