15-विश्वकर्मा पब्लिक स्कूल में परीक्षा केंद्र बनाने के बाद शुक्रवार शाम को शांति। संवाद
रोहतक। जिले में एचटेट (हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा) को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। यह परीक्षा 4 जुलाई को सायंकालीन और 5 जुलाई को दो शिफ्टों में होगी। लेवल-एक, दो और तीन की परीक्षा के लिए 27 स्थानों पर 54 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। दोनों दिन कुल 16470 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। नकल रहित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अनुसार 4 जुलाई को दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा होगी, जो 18 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। वहीं 5 जुलाई को दो शिफ्ट में परीक्षा होगी। सुबह 10 बजे से 12:30 बजे तक लेवल-2 (टीजीटी) और दोपहर 3 बजे से 5:30 बजे तक लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा होगी।
परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त व्यवस्था की है। 6 उड़नदस्ता अधिकारी, 32 ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार को ओवरऑल इंचार्ज बनाया गया है। पुलिस अधीक्षक की ओर से सभी केंद्रों पर महिला पुलिसकर्मियों सहित पर्याप्त बल तैनात रहेगा।
2 घंटे 10 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी
परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 2 घंटे 10 मिनट पहले केंद्र में प्रवेश मिलेगा। सुबह की शिफ्ट में 9 बजे और शाम की शिफ्ट में 2 बजे तक प्रवेश की अनुमति होगी। इसके बाद प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। परीक्षा के दौरान मोबाइल, घड़ी, पेजर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी।