रोहतक। राज्य सरकार ने पशुओं के उपचार के लिए पशुपालकों को मोबाइल वेटरनरी यूनिट उपलब्ध करवाई है। मोबाइल वैन के माध्यम से आपात स्थिति में पशुपालकों के घर पर जाकर बीमार पशुओं का उपचार किया जाएगा। वीरवार को एडीसी वैशाली सिंह ने लघु सचिवालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर पशुपालन विभाग की चिकित्सा वैन को रवाना किया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पिछले दिनों महेंद्रगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय पशु प्रदर्शनी व पशु मेला कार्यक्रम में प्रदेश के अलग-अलग जिलों के लिए 70 मोबाइल वैन की सौगात दी थी। इनमें से रोहतक जिले को तीन मोबाइल चिकित्सा वैन अलॉट की गई है। यह वैन रोहतक, महम व सांपला उप मंडल में पशुपालकों को सेवाएं प्रदान करेंगी। यह मोबाइल वैन आपात स्थिति के लिए है और 24 घंटे व सातों दिन एक्टिव मोड में रहेंगी। वैन में पशुओं के उपचार के लिए पशु चिकित्सक, वीएलडीए, लैब टेस्ट व कृत्रिम गर्भाधान जैसी सभी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। आपात स्थिति में पशुपालक को हेल्पलाइन नंबर 1962 पर कॉल करनी होगी।