रोहतक। फतेहपुरी कॉलोनी में महिला वकील के घर फायरिंग के आरोपी कॉलोनी के ही युवक साहिल उर्फ भोलू को सीआईए पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस छापामार कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के मुताबिक फतेहपुरी कॉलोनी निवासी प्रिया तीन जून को पुरानी सब्जी मंडी थाने में शिकायत दी थी कि वह अपने भाई-बहन व मां के साथ घर पर थी। इसी दौरान गेट पर गोली चलने की आवाज आई। देखा का एक युवक साहिल उर्फ भालू घर के अंदर निशाना बनाकर गेट से अंधाधुंध फायरिंग कर रहा था। परिजनों ने घर के अंदर छिपकर जान बचाई। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। वारदात के बाद आरोपी बाइक पर अपने साथी के साथ फरार हो गया था। पुलिस जांच में पता चला कि इससे पहले आरोपी ने महिला वकील के सीसीटीवी कैमरे तोड़े थे। इस संबंध में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। बाद में वह जमानत पर बाहर आया और महिला वकील के घर पर गोली चलाकर फरार हो गया। पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वकीलों का एक प्रतिनिधिमंडल भी एसपी से मिला था, इसके बावजूद एक माह 12 दिन बाद आरोपी हाथ आ सका है।