रोहतक। रेंज के साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने बैंक अधिकारी बनकर 2 लाख 2 हजार की ठगी करने के आरोप में फतेहाबाद के गांव भोड़िया खेड़ा निवासी वरुण को गिरफ्तार किया है। रविवार को उसे अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि मुकेश कुमार निवासी पंचवटी कॉलोनी रोहतक ने 10 दिसंबर 2021 को अर्बन एस्टेट थाने में शिकायत दी थी कि उसके पास एक युवक ने कॉल की। कॉल करने वाले ने कहा कि वह बैंक अधिकारी है। आरोपी ने क्रेडिट कार्ड अपडेट करने के नाम पर ब्योरा लिया। फिर अकाउंट से दो बार ट्रांजेक्शन करके 2 लाख 2 हजार रुपये काट लिए। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ ठगी का केस दर्ज किया। आला अधिकारियों ने केस की फाइल साइबर क्राइम थाना पुलिस को सौंपी गई। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वरुण निवासी भोड़िया खेड़ा, जिला फतेहाबाद को काबू किया है। जबकि केस में दो आरोपियों विक्की उर्फ मोनू निवासी अगवानपुर जिला सोनीपत हाल किराएदार रोहिणी दिल्ली तथा संदीप निवासी सुल्तानपुरी दिल्ली को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।