जुलाना (जींद)। जुलाना के एएसआई संदीप लाठर के वार्ड नंबर-4 स्थित पैतृक आवास पर शुक्रवार को श्रद्धांजलि सभा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। नेताओं ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार से निष्पक्ष जांच व दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि संदीप का निधन एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे समाज का नुकसान है। न्याय ही संदीप लाठर के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। प्रदेश में अपराध बढ़ रहा है जिसे रोकना सरकार की जिम्मेदारी है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि संदीप लाठर एक ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ एएसआई थे। उनकी असामयिक मौत पूरे प्रदेश के लिए गहरा दुख है। इस घटना की सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषियों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाना चाहिए।
किसान नेता गौरव टिकैत ने कहा कि संदीप लाठर जैसे कर्मठ अधिकारी पर प्रदेश को गर्व है। उन्होंने सरकार से परिवार को उचित मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। नवीन जयहिंद ने कहा कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सिस्टम द्वारा किया गया मर्डर है।
संतोष बोलीं-सरकार की जांच पर पूरा भरोसा
संदीप की पत्नी संतोष ने कहा कि उनके परिवार ने सीबीआई जांच की कभी मांग नहीं की। सरकार की ओर से की जा रही जांच से वह संतुष्ट हैं। उन्हें न्याय मिलने का भी पूरा भरोसा है। उन्होंने पुलिस विभाग को अपना घर बताया।