रोहतक। रेलवे रोड की सुनारों वाली गली में लेनदेन को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। आरोप है कि आभूषण विक्रेता ने विजय नगर के युवक का थैला जबरन अपनी दुकान में रख लिया और बोला कि कोर्ट में गवाही नहीं बदली तो गोली चल जाएगी। सिटी थाने में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में न्यू विजय नगर निवासी नवीन वर्मा ने बताया कि एक अक्तूबर को करीब 11 बजे वह सुनारों वाली गली, रेलवे रोड पर किसी काम से गया था। साथ ही उसने थैला ले रखा था जिसमें 85 हजार कीमत की 692 ग्राम चांदी व 76,150 रुपये थे। जब वह काम होने के बाद जाने लगा तो जनता कॉलोनी निवासी अशोक उर्फ पप्पी ने अपनी भूषण की दुकान पर बुला लिया।
आरोप है कि अशोक ने बातों-बातों में उनका थैला बहाने से लेकर अपने गल्ले के पास रख लिया। जब उसने थैला मांगा तो उसने कहा कि अपने भाई प्रवीन से मेरे भाई प्रदीप के हक में कोर्ट में दिया हुआ शपथ पत्र बदलवा दो। इसके बाद अपना थैला ले लेना। इतना ही नहीं धमकी दी कि यदि गवाही नहीं बदली तो गोली चलेगी। आरोपी से चांदी व नकदी दिलवाई जाए। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रांरभिक जांच में पैसे के लेनदेन के विवाद का मामला सामने आया है। गहराई से जांच कर रहे हैं। जल्द पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। -संदीप कुमार, जांच अधिकारी, थाना सिटी।
ब्यूरो