रोहतक। इनेलो के वरिष्ठ नेता और विधायक अभय सिंह चौटाला ने प्रेस वार्ता में भाजपा के समर्थन में बयान देकर एक बार फिर चर्चाओं को हवा दे दी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा स्पीकर कुलदीप शर्मा ने भाजपा पर जो टिप्पणी की है उसकी कडे़ शब्दों में निंदा की जाती है। स्पीकर ने संवैधानिक पद की भी गरिमा नहीं रखी। उन्हें एक पल भी स्पीकर के पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने सरकार से मांग की कि कुलदीप शर्मा को तुरंत पद से हटाया जाए। कुलदीप शर्मा ने गठबंधन के विषय में कहा था कि ‘भाजपा रबड़ की एक ऐसी जूती है जो हर पैर में फिट हो जाती है’। इस पर हजकां और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी उनका पुतला फूंककर माफी मांगने की मांग की थी। अभय ने भी भाजपा के पक्ष में उतरकर फिर से यह साबित कर दिया है कि अभी भी इनेलो की उम्मीद बाकी है। हालांकि भाजपा हाईकमान साफ कर चुका है कि उनका हजकां से गठबंधन कायम रहेगा।
सरकार बनी तो खेमका करेंगे वाड्रा मामले की जांच
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेश में इनेलो की सरकार बनने पर वाड्रा जमीन डील मामले की जांच आईएएस अधिकारी अशोक खेमका से कराई जाएगी। कांग्रेस सरकार खेमका को इसलिए परेशान कर रही है कि उन्होंने वाड्रा जमीन घोटाले का खुलासा किया था। सरकार ने सोची-समझी रणनीति के तहत उनसे चार्ज लेने की कार्यवाही की है। साथ ही उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने गोहाना रैली कांग्रेस में चल रही बगावत की वजह से की है ताकि वे कांग्रेस अध्यक्ष के सामने अपना जनाधार दिखा सके। रैली के तीन दिन बाद ही कर्मचारियों ने राज्यव्यापी हड़ताल करके यह साबित कर दिया कि वे सीएम की झूठी और बेमानी घोषणाओं के जाल में फंसने वाले नहीं हैं।
सीएम कर रहे झूठी घोषणाएं : अभय
उन्होंने कहा कि सीएम यह भूल गए कि उन्होंने पिछले दिनों यह घोषणा की थी कि प्रत्येक वर्ष बुजुर्गों की पेंशन में पचास रुपये की बढ़ोतरी होगी, परंतु आज तक यह बढ़ोतरी नहीं हो पाई। अभय ने कहा कि यह भी साफ हो चुका है कि सरकार की प्रशासनिक अमले पर कोई पकड़ नहीं है। गोहाना रैली में स्वयं मुख्यमंत्री ने यह बात स्वीकारी है और जवाबदेही कानून लाने की बात कही है।