रोहतक। गांव कान्ही निवासी बीकॉम छात्र योगेश की हत्या के मामले में पुलिस ने एक ही परिवार के पांच लोगों को नामजद किया है। घटना के बाद से ही सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस ने छात्र के शव को पोस्टमार्टम के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया।
रविवार दोपहर बाद सदर पुलिस ने गांव कान्ही निवासी छात्र योगेश के शव का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि चाकू दिल के पास लगने की वजह से युवक की मौत हुई है। सदर पुलिस ने मृतक के भाई नवीन के बयान पर गांव के ही सुमित, उसके पिता बिल्लू, भाई और चाचा राजबीर, चाचा के लड़के अमित के खिलाफ हत्या और एससीएसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शनिवार देर शाम को गांव कान्ही निवासी योगेश की मोबाइल फोन फेंकने को लेकर गांव के ही सुमित के साथ लड़ाई हो गई थी। इस पर सुमित ने अपने चाचा के लड़के अमित को मौके पर बुला लिया और आते ही अमित ने योगेश पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।