चरखी दादरी। डीएड कोर्स में इंटर्नशिप को रद करवाने की मांग को लेकर पातुवास- महराणा स्थित हरियाणा कालेज ऑफ एजुकेशन के छात्रों और अध्यापकों ने नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। हरियाणा शिक्षा विभाग ने डीएड कोर्स की अवधि बढ़ाकर दो से तीन वर्ष कर दी है। डीएड कोर्स धारकों को दो वर्ष तक संबंधित शिक्षण कालेज में पढ़ाई करनी होगी जबकि तीसरे वर्ष सरकारी स्कूलोें में इंटर्नशिप करनी होगी। यह इंटर्नशिप आगामी 16 नवंबर से 180 दिनों के लिए होनी है।
छात्र-अध्यापक इस इंटर्नशिप का पुरजोर विरोध कर रहे हैं। इसे लेकर शनिवार को पातुवास-महराणा स्थित डीएड कालेज के छात्रों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्र-अध्यापक पवन कुमार, सोनू, नितिन कुमार, पवन पूनिया, अनिल कुमार ने कहा कि सरकार उनके भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। इंटर्नशिप के बहाने उनका एक साल बर्बाद किया जा रहा है। इंटर्नशिप के दौरान उन्हें मिलने वाला पारिश्रमिक भी काफी कम है। इन छात्रों ने सरकार व शिक्षा विभाग से यह इंटर्नशिप न करवाए जाने की मांग की है।