स्वीमिंग पूल में युवक की मौत: शक के दायरे में तीन दोस्त
भिवानी।स्वीमिंग पूल में युवक पुनीत की मौत डूबने से नहीं बल्कि हत्या की गई है। तीन युवक उसे बहला-फुसलाकर स्वीमिंग पूल में लेकर गए और फिर डुबोकर हत्या की है। यह आरोप मृतक के परिजनों ने लगाया है। इन आरोपों के बाद पुलिस ने पुनीत के तीन दोस्तों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। फिलहाल तीनों दोस्त फरार हैं।
उल्लेखनीय है कि सोमवार देर शाम स्वीमिंग में करीब 19 वर्षीय युवक पुनीत की संदिग्ध हालात में डूबने से मौत हो गई थी। गवर्नमेंट कॉलेज में बी.कॉम द्वितीय वर्ष का छात्र पुनीत मूलरूप से खारियावास गांव का रहने वाला था और भिवानी की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में तीन अन्य युवकों के साथ किराये पर रहकर एयर फोर्स की कोचिंग ले रहा था। वह कुछ दिनों से रेस करने के लिए भीम स्टेडियम जाता था। सोमवार सायं वह अपने साथियों के साथ स्वीमिंग पूल में गया, जहां डूबने से उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता राजेंद्र व चाचा अनिल कुमार ने बताया कि पुनीत की डूबने से मौत नहीं हुई बल्कि हत्या की गई है। पुनीत शाम छह बजे तक कमरे पर था। वहां उसके साथ किराये पर रहने वाले दो युवक उसे स्टेडियम चलने की बात कहकर निकले थे, मगर पुनीत ने कहा था कि टंकी में पानी नहीं है और सप्लाई आने वाली है। वह पानी भरेगा। यह कहकर वह नहीं गया। बाद में तीन अन्य युवक बाइक से आए जो उसे बहला फुसलाकर लेकर गए। यहां अपने रुपयों से युवकों ने पर्ची कटवाई। चाचा अनिल ने बताया कि उन्होंने अपने स्तर पर पता किया तो वहां के कर्मचारियों ने भी बताया कि तीन युवक इधर-उधर घूम रहे थे। जब उसने पूछा तो बोले कि ऐसे ही घूम रहे हैं। बाद में कहने लगे कि हमारा साथी डूब गया है।
चाचा अनिल ने बताया कि छह बजे के बाद वे कमरे से निकले है। वहां जाने, पर्ची कटवाने, पहले नल के नीचे नहाने में भी समय लगा होगा और सात बजे हमारे पास सूचना आ गई थी कि पुनीत सिविल अस्पताल में गंभीर है। परिजनों ने आरोप लगाया कि अगर वे तीनों युवक पहले ही बता देते तो पुनीत को बचाया जा सकता था। तीनों युवक फरार हैं और पता किया तो फोन भी स्विच ऑफ है। इसके अलावा स्वीमिंग पूल के सीसीटीवी कैमरे खराब हैं और कुछ गार्ड भी लापता हैं।
स्वीमिंग पूल संचालक सुमेर ने बताया कि पांच से छह गार्ड है। कुछ पानी के अंदर होते हैं तो कुछ बाहर से हरेक पर निगरानी रखते हैं। लेकिन, पुनीत कब डूबा, किसी को पता ही नहीं लगा।
सिविल लाइन थाना से जांच अधिकारी एएसआई कृष्णपाल ने बताया कि मृतक युवक पुनीत के पिता राजेंद्र की शिकायत पर तीन युवकों रवि, आशीष, अंकुर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। आरोपी युवकों की तलाश की जा रही है।