शिक्षा प्रेरकों ने लघु सचिवालय पर किया प्रदर्शन
चरखी दादरी।
लंबित मांगों के लिए शिक्षा प्रेरकों ने मंगलवार को भिवानी लघु सचिवालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में दादरी जिले के प्रेरकों ने भी हिस्सा लिया और इसकी अगुवाई संघ के जिला प्रधान जंगबीर कैरू ने की। शिक्षा प्रेरक सुबह लघु सचिवालय के बाहर चल रहे धरने पर एकत्र हुए। प्रदर्शन में महिला शिक्षा प्रेरकों ने भी बड़ी तादाद में हिस्सा लिया। प्रदर्शन के दौरान एक महिला प्रेरक गुड्डी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। शिक्षा प्रेरकों ने प्रशासन को इस बारे में अवगत करवाया लेकिन प्रशासन का कोई भी अधिकारी उनकी सुध लेने लिए आगे नहीं आया और बाद में शिक्षा प्रेरकों ने ही उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया।
इससे पहले प्रेरक जब लघु सचिवालय का घेराव करने के लिए गेट पर पहुंचे तो वहां पर पुलिस अधिकारियों ने उन्हें रोकने का प्रयास भी किया। उपायुक्त के न होने पर उन्होंने अपना मांगपत्र एसडीएम की मार्फत सीएम को प्रेषित करवाया। प्रेरक संघ हरियाणा के राज्य प्रधान भगवत कौशिक ने शिक्षा प्रेरकों को तुरंत बहाल कर स्थायी नियुक्ति करने, शिक्षा प्रेरकों का बकाया मानदेय बिना शर्त के तुरंत प्रभाव से दिए जाने, लोक शिक्षा केंद्रों का खर्च देने, प्रेरकों का शोषण करने वाले दोषी अधिकारियों के खिलाफ अनुशानात्मक कार्रवाई किए जाने की मांग की। इस अवसर पर रमेश मुखीजा, मोहन लाल, भजन लाल, सरोज, नीलम, सुशीला, कांता, रीतू, जय सिंह, सुरेश फरटिया, भारती, पूनम, रणधीर, बिजेंद्र रतेरा, राजबाला, विनोद कुमार, अशोक कुमार बलकारा, मैनपाल, चरण सिंह, योगेश छपारिया, अर्चना तोशाम, हर्षबाला, कमलेश, रेनू देवी, संगीता, राज कुमार, बिजेंद्र, सुखदर्शन सरोहा, बिजेंद्र, सुखबीर धिराणा, सुदेश, सुनील श्योराण सहित अनेक शिक्षा प्रेरक मौजूद थे।