रोहतक। शहर के चार जलघरों से रोजाना शहर में 8.15 करोड़ लीटर पानी की आपूर्ति हो रही है। उसके बावजूद भी लोगों को घरोंं में पानी नहीं मिल रहा है। एक समय की जाने वाली आपूर्ति सिर्फ 30 मिनट के लिए दी जाती है। यहां भी समस्या यह है कि कई इलाकों में पहले कुछ देर तक दूषित पानी आता है। ग्रामीण इलाकों में एक दिन छोड़कर ही पानी की आपूर्ति की जा रही है। ऐसे में आमजन को बाहर से ही पानी खरीद कर पीना पड़ रहा है। फिलहाल चारों जलघरों में एक समय आपूर्ति के लिए चार अप्रैल तक का पर्याप्त पानी मौजूद है। हालांकि जवाहर लाल नेहरू (जेएलएन) और भालौठ सब ब्रांच (बीएसबी) खाली हो चुकी है।
जनस्वास्थ्य विभाग चार जलघरों (मानसरोवर पार्क, झज्जर रोड, देव कॉलोनी और सोनीपत रोड) से लोगों को पेयजल आपूर्ति करता है। शहरवासियों को रोजाना 8.70 करोड़ लीटर शुद्ध पानी की आपूर्ति चाहिए, मगर ऐसा नहीं होता। गर्मी में 145 लीटर पानी प्रति व्यक्ति के हिसाब से आपूर्ति तो दूर की बात प्यास बुझाने तक के लिए पानी नहीं मिलता। इसकी वजह जलापूर्ति नहरों में पानी छोड़ने पर आधारित होना है। जनस्वास्थ्य विभाग के अनुसार चारों जलघरों में रॉ वाटर की स्टोरेज क्षमता कम होने से पेयजल संकट गहराता है। रोस्टर के हिसाब से नहर में पानी आने में दो-तीन दिन की देरी होने पर कटौती करनी पड़ती है। जैसे-जैसे नहरों में देरी से पानी आता है, वैसे-वैसे पानी का संकट गहराता जाता है। जब तक जलघरों की रॉ वाटर स्टोरेज क्षमता नहीं बढ़ेगी तब तक पेयजल संकट का निदान संभव नहीं है। फिलहाल होली पर भी शहर में एक समय ही पानी की आपूर्ति की जाएगी। अलग से पानी की कोई व्यवस्था विभाग नहीं करेगा।
बाक्स
बिजली गुल होने से एक समय भी नहीं मिल रहा पानी
पुराना शहर, देव कॉलोनी, विशाल नगर, जनता कॉलोनी और सुनारिया चौक में बिजली भी पेयजल की किल्लत की वजह बनी हुई है। यहां लगने वाले बिजली कट के कारण एक समय पानी सप्लाई भी नहीं हो रहा है। इससे लोगों को पानी खरीदना पड़ रहा है। बिजलीन होने के कारण मोटर नहीं चल पाती है। ऐसे में समस्या और अधिक बढ़ जाती है। इसके चलते गढ़ी बोहर, माजरा, खेड़ी साध, बोहर व बलियाना और शहर की कबीर कॉलोनी, प्रेम नगर, विकास नगर, आजाद नगर, लक्ष्मी नगर, आजादगढ़, सूर्या कॉलोनी, टीबी अस्पताल के सामने वाली गली में यह समस्या बनी हुई है।
वर्जन
नहर में अब छह अप्रैल को पानी आएगा लेकिन तब तक एक समय देने के लिए पर्याप्त पानी जलघरों में बचा हुआ है। आमजन से अपील है कि होली पर पानी न बहाएं।
-राजेश कुमार, एसडीओ, जनस्वास्थ्य और अभियांत्रिकी विभाग