अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
कोसली क्षेत्र की ग्राम पंचायत भड़ंगी में अब डीजे बजाने पर 5100 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं गांव में बेटी की शादी पर ग्रामीण भोज भी नहीं करेंगे।
सरपंच रेखा देवी ने बताया कि ग्राम पंचायत ने सामूहिक रूप से निर्णय लिया है कि अब विवाह समारोह या अन्य शुभ कार्यों में डीजे नहीं बजाया जाएगा। इसके लिए बाकायदा मुनादी कराकर गांव की पंचायत में लिए गए निर्णय से लोगों को अवगत करा दिया गया है। इसके बावजूद भी अगर डीजे बजता है तो 5100 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। वहीं जुर्माना नहीं देने की सूरत में कानूनी कार्रवाई करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि डीजे से एक और जहां ध्वनि प्रदूषण होता है वहीं कई बार झगड़े भी हो जाते हैं। जिससे गांवों में भाईचारा खराब होने के साथ शुभ कार्यों में भी विघभन पड़ता है। वहीं एक अन्य निर्णय के अनुसार गांव में लड़की की शादी में गांव के लोग अब भोज नहीं करेंगे। केवल कन्यादान किया जाएगा ताकि लड़की की शादी में अभिभावकों पर खाने का अतिरिक्त बोझ न बढ़े।