रोडवेज का चक्का जाम आज :
बस से जाना है तो बदल लें प्लान, ट्रेन और निजी वाहन से जाएं
- हरियाणा के प्रतिदिन के एक करोड़ यात्रियों को नहीं मिलेंगी रोडवेज बसें, 44 पैसेंजर ट्रेनें देंगी राहत
- बुधवार सुबह चार बजे से ही परिचालन हो जाएगा बंद
- डीसी ने रोडवेज और पुलिस अधिकारियों के साथ की बैठक, रोडवेज महाप्रबंधक का दावा- चलवाई जाएंगी बसें
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। हरियाणा के सभी जिलों में बुधवार सुबह चार बजे से रोडवेज डिपो से निकलने वाली पहली बस नहीं चलेगी। किलोमीटर स्कीम के तहत 720 बसों को ठेके पर लेने और एस्मा लगाने के विरोध में मंगलवार की रात 12 बजे से रोडवेज कर्मियों का चक्का जाम रहेगा। इससे मंगलवार को हरियाणा में प्रतिदिन के एक करोड़ बस यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ेगी। ऐसे में अगर आप कहीं बस से जाने वाले हैं तो अपना प्लान बदल दें। ट्रेन या टैक्सी से जाइए या फिर अपने निजी वाहन का इस्तेमाल करें। ट्रेन का समय देखकर ही घर से निकलें। रोहतक स्टेशन से हरियाणा के अधिकांश जिलों के लिए चलने वाली 44 पैसेंजर ट्रेनें आपको राहत देंगी। उपायुक्त रोहतक ने इस मामले में मंगलवार
हरियाणा रोडवेज वर्कर्स ज्वाइंट एक्शन कमेटी और हरियाणा रोडवेज कर्मचारी संयुक्त मोर्चा समिति ने आह्वान पर चक्का जाम मंगलवार रात 12 बजे से किया जाएगा। आंदोलित कर्मियों ने तय किया है कि जो बसें 12 बजे से पहले यात्रियों को लेकर रवाना हो जाएंगी, उन्हें रास्ते में नहीं रोका जाएगा। मगर गंतव्य पर पहुंचने के बाद वहीं पर खड़ा करवा लिया जाएगा। रोडवेज के चक्का जाम से भले ही जनजीवन ज्यादा प्रभावित नहीं होगा मगर लोगों को परेशानी जरूर झेलनी पड़ेगी। इस परेशानी से बचने के लिए घर से निकलने से पहले ट्रेन के बारे में जानकारी कर लें। ट्रेनें अथवा निजी बसों के माध्यम से आप अपने मुकाम तक पहुंच सकते हैं। रोहतक रेलवे स्टेशन से हर रोज करीब 80 एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेनें चलती हैं, जिनमें करीब 44 पैसेंजर ट्रेनें हैं। चूंकि रोहतक जंक्शन हैं, इसलिए यहां से पूरे हरियाणा के लिए सुगमता से ट्रेन मिल जाती है। इन ट्रेनों में सवार होने के लिए समय से स्टेशन पहुंचना बेहद जरूरी है। ये ट्रेनें दिल्ली, चंडीगढ़, भिवानी, झज्जर, गोहाना, अंबाला आदि के रास्तों पर चलती हैं।
इन पैसेंजर ट्रेनों का होता है रोहतक से संचालन
दिल्ली-भिवानी 6.30 बजे, रोहतक-जींद सात बजे, डीईएमयू रेवाड़ी-जींद 8.45 बजे, दिल्ली-फिरोजपुर, 9.13 बजे, दिल्ली-रोहतक 12.20 बजे, दिल्ली-जींद 13.50 बजे, दिल्ली-जाखल 18.00 बजे, रोहतक-कुरुक्षेत्र 18.48 बजे, दिल्ली-भिवानी 19.15 बजे, दिल्ली-नरवाना 19.50 बजे, दिल्ली-रोहतक 20.55 बजे, तिलक ब्रिज-रोहतक 21.15 बजे, दिल्ली-रोहतक 22.30 बजे, रोहतक-दिल्ली 4.15 बजे, रोहतक-तिलक ब्रिज 6.15 बजे, जाखल जंक्शन-दिल्ली 7.40 बजे, जींद-दिल्ली 8.35 बजे, कुरुक्षेत्र-दिल्ली 9.17 बजे, रोहतक-दिल्ली 13.30 बजे, रोहतक-दिल्ली 16.15 बजे, जींद-दिल्ली 17.15 बजे, जींद-दिल्ली 18.55 बजे, फिरोजपुर-दिल्ली 20.05 बजे, रेवाड़ी जंक्शन व झज्जर से आने वाली पैसेंजर 6.45 बजे, 8.00 बजे व 21.35 बजे, रेवाड़ी ब झज्जर की तरफ जाने वाली पैसेंजर 3.05 बजे, 17.45 बजे, रोहतक-रेवाड़ी 19.00 बजे, पानीपत, गोहाना की तरफ जाने वाली पैसेंजर 9.10 बजे, 14.10 बजे, 16.35 बजे, धोलाधाम एक्सप्रेस 2.55 बजे, अंडमान एक्सप्रेस 00.57 बजे आदि हैं।
निजी बसें स्टैंड के बाहर से होंगी संचालित
भले ही रोडवेज की बसें संचालित नहीं होंगी, मगर प्राइवेट बसों का संचालन होगा। प्राइवेट बस चालकों की माने तो वह अपनी बसों को भले ही स्टैंड के अंदर लेकर नहीं जाएंगे मगर बाहर से सवारियां बैठाएंगे। जिस तरह से प्राइवेट बसें चलती हैं, उसी तरह से चलेंगी। हां, यात्रियों की भीड़ के चलते चक्कर जरूर बढ़ा दिए जाएंगे।
जीआरपी ने स्टेशन पर सुरक्षा चाक-चौबंद की
रोडवेज के चक्का जाम होने की वजह से रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ उमड़ने की आशंका के चलते जीआरपी ने स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने का फैसला लिया है। जीआरपी प्रबंधक नरेश कुमार ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेश के चलते सुबह से ही स्टेशन पर पुलिस की टीमें चेकिंग व निगरानी में लगाई जाएंगी।
एलान, एक भी बस को नहीं निकलने देंगे वर्कशॉप से
चक्का जाम करने वाले रोडवेज कर्मियों ने फैसला लिया है कि वह रात को वर्कशॉप के गेट पर बैठ जाएंगे और बुधवार को वर्कशाप के अंदर से एक भी बस को संचालन के लिए नहीं निकलने देंगे। चूंकि रोहतक डिपो से आगरा, चंडीगढ़ और जयपुर के लिए सुबह सवा चार से साढ़े चार बजे तक तीन बसें रवाना होती हैं। कर्मचारियों ने एलान किया कि किसी भी सूरत में वर्कशॉप से एक भी बस को नहीं निकलने दिया जाएगा, चाहे इसके लिए कुछ भी करना पड़े।
डीसी के निर्देश पर नोडल अधिकारी व सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात
रोडवेज कर्मियों के चक्काजाम को विफल करने के मसले पर मंगलवार को डीसी डॉ. यश गर्ग ने रोडवेज, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। रोडवेज महाप्रबंधक ने बताया कि बैठक हर हालात से निपटने की योजना बनाई गई है। तय किया गया है कि वर्कशॉप पर दो, बस स्टैंड पर दो, कार्यालय पर दो रोडवेज के नोडल अधिकारियों के साथ सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात होंगे। इसके अलावा सांपला, महम, कलानौर बस स्टैंड पर पर एक नोडल अधिकारी व सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती जाएगी। प्रशासन की योजना में किसी भी तरह का विध्न्र नहीं हो, इसके बाबत पर्याप्त मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात रहेगा। महाप्रबंधक ने बताया कि वर्कशाप से हर सूरत में बस निकलवाकर चलवाई जाएंगी।
0-प्रदेश में करीब एक करोड़ यात्रा को होंगे परेशान, 4.5 करोड़ का नुकसान
आंदोलित कर्मी प्रदेश में नियमित चलने वाली रोडवेज की सभी 4042 बसों का चक्काजाम करने का दावा कर रहे हैं। आंदोलित कर्मियों का कहना है कि प्रदेश में हर रोज करीब एक करोड़ लोग बसों में यात्रा करते हैं जिनसे सरकार को करीब 4.50 करोड़ रुपये की आय होती है। उन्होंने बताया कि रोहतक डिपो के पास करीब 186 बसें हैं, जिनसे करीब 33 हजार यात्रियों का आवागमन होता है और रोडवेज की करीब 17-18 लाख रुपये की आय होीत है।