जसिया सड़क हादसे के घायलों से मिलने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री
- पीजीआई में पहुुंचकर पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने घायलों का हालचाल जाना
- जसिया के पास दुर्घटनाग्रस्त कैंटर में क्रूजर के भिड़ने से चालक व युवती की हुई थी मौत
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा जसिया हादसे में घायल लोगों से मिलने शनिवार को पीजीआई पहुंचे। यहां पर पूर्व सीएम ने घायलों से उनका हालचाल पूछा। साथ ही उनके परिजनों से बातचीत की। वह करीब दस मिनट तक पीजीआई में रहे। घायलों में अधिकतर गांव रिठाल फौगाट के रहने वाले है। रिठाल फौगाट पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के हलके गढ़ी सांपला में आता है।
वहीं, पीजीआई में उपचाराधीन घायलों की हालत में अब सुधार है। घायलों में शामिल अंजू व निधि की स्थिति में सुधार आया है। बता दें कि शुक्रवार तड़के सवारियों से भरी क्रूजर गाड़ी गांव जसिया के पास एक्सीडेंट में क्षतिग्रस्त होने के बाद सड़क के बीच में खड़े कैंटर से टकरा गई थी। स्मॉग के कारण क्रूजर चालक को कैंटर दिखाई नहीं दिया था। हादसे में चालक रिठाल फौगाट निवासी नरेंद्र और पूजा नाम की युवती की मौत हो गई थी जबकि अंजू, निधि, तमन्ना, कलावती, सोमबीर, अजीत सहित अन्य लोग घायल हो गये थे।