माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। वैश्य शिक्षण संस्था की गवर्निंग बाॅडी के चुनाव के लिए नामांकन का समय मंगलवार शाम को पूरा हो गया। संस्था के प्रधान, उप-प्रधान, महासचिव, सह-सचिव, कोषाध्यक्ष व 16 कार्यकारी सदस्यों के चुनाव के लिए 64 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं।
प्रधान पद के लिए चार, उप प्रधान के लिए पांच, महासचिव पद के लिए आठ, सह सचिव पद के लिए पांच व कोषाध्यक्ष पद के लिए सात व सदस्य गवर्निंग बाॅडी सदस्याें के लिए 35 नामांकन प्राप्त हुए हैं। प्रधान पद पर विकास गोयल, नवीन कुमार जैन, चंद्र गर्ग व सुभाष गुप्ता ने नामांकन दाखिल किया है।
नामांकन प्रक्रिया के तहत संस्था के 105 कॉलेजियम सदस्यों में 64 ने गवर्निंग बाॅडी चुनाव के लिए नामांकन किया है। नामांकन पत्रों की जांच के बाद प्रत्याशियों की सूची तय होगी। नामांकन के साथ ही प्रत्याशियों ने प्रचार शुरू कर दिया है।
प्रधान पद की दावेदारी जताते हुए प्रत्याशी वोटों का जोड़-तोड़ लगाने में जुट गए हैं। इसके तहत काॅलेजियम सदस्यों को अपनी तरफ जोड़ने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र बंसल ने बताया कि 30 व 31 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच पड़ताल की जाएगी। 1 अगस्त को नामांकन सूची का प्रकाशन किया जाएगा। चुनाव में पोलिंग एजेंट नहीं बनाया जाएगा। प्रत्याशी ही अपने बूथ पर बैठ सकेंगे।
चुनाव में पारदर्शिता रखी जाएगी। सुरक्षा के आवश्यक प्रबंध रहेंगे। इस मौके पर को-रिटर्निंग अधिकारी अजीत प्रसाद जैन, नोडल अधिकारी सुशील शर्मा, डाॅ. पवन गर्ग, हरिनारायण दुबे समेत अनेक स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।