बिजलीकर्मियों की लापरवाही, रुकी मेधावी बेटी की पढ़ाई!
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
सरकार एक तरफ बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ का नारा दे रही है, वहीं दूसरी तरफ एक ऐसा भी मामला सामने आया है जिसमें जनवरी में आई लाइन फॉल्ट के बाद कई शिकायतों के बावजूद कर्मियों ने बिजली ठीक नहीं की। इससे उस घर में रहने वाली एक मेधावी बेटी की पढ़ाई बाधित हो गई और 11वीं की परीक्षा में 25 फीसदी अंक कम आने के बाद उसने स्कूल जाना ही छोड़ दिया। शक्ति भवन में बिजली निगम की उपभोक्ता फोरम मीटिंग मेें यह मामला बोड़िया कमालपुर निवासी एक शख्स का था। शिकायतकर्ता सेना का एक्स हवलदार है। यही केस नहीं कई और भी मामले फोरम में आए हैं। इसमें कहीं न कहीं बिजलीकर्मियों और अधिकारियों की लापरवाही सामने आती है। इसके बाद भी निगम की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होती। बैठक में सीजीआरएफ चेयरमैन केडी बंसल, सदस्य राजेश शर्मा, मन्नू बिश्नोई, चेयरमैन के निजी सचिव जीतराम, नोडल अधिकारी रेशा, निर्मल ग्रोवर आदि मौजूद थे।
छमाही एग्जाम में 84, वार्षिक में रह गए 59 फीसदी
बोडिय़ा कमालपुर निवासी सेना के एक्स हवलदार सुरेश कुमार ने शिकायत में कहा कि उसकी बेटी नेहा राजकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अब 12वीं की छात्रा है। 11वीं करने के बाद से वह स्कूल में नहीं गई। कारण जनवरी 2017 से बाधित सप्लाई परीक्षा के दौरान सुचारु नहीं हुई और इस छात्रा के दसवीं में 80 फीसदी, 11वीं की अर्ध वार्षिक परीक्षा में 84 फीसदी अंक थे। उसके सालाना एग्जाम में महज 59 फीसदी अंक ही रह गए। पूर्व फौजी ने बताया कि जनवरी से मई तक वह कई बार बिजली ठीक करने की मांग कर चुका है। लेकिन मांगी हुई चीज न देने पर बिजली कर्मी व अधिकारी फॉल्ट ठीक नहीं कराते।
आदेश के बीते चार माह, काम हुआ नहीं शुरू
चौकी नंबर-2 निवासी दलीप सिंह और नांगल निवासी परीक्षित अब दोस्त हो चुके हैं। कारण, दोनों की समस्या है कि पिछले साल दिसंबर महीने से ट्यूबवेल कनेक्शन की लाइन में डिम पावर आता है। शिकायत लेकर पहुंचे दोनों कई बार शक्ति भवन में टकरा गए। उपभोक्ता फोरम में अपनी शिकायत रखने भी दोनों पहुंचे। इनका कहना था कि कई दौर की शिकायतों के बावजूद 17 फरवरी को नोडल ऑफिसर ने बुड़ौली एसडीओ को वोल्टेज पूरी देने के ऑर्डर दिए। इसके बाद कंज्यूमर ग्रीवेंस हिसार के अधिकारी को भी करीब एक महीने पहले लेटर लिखा, बावजूद इसके अभी तक वोल्टेज पूरे नहीं आए।
छतों से गुजरते वायर, हमेशा हादसों का डर
वहीं एक अन्य शिकायत लेकर पहुंचे पंकज प्रजापति ने बताया कि उनके घर की छत से होते हुए हाई वोल्टेज लाइन जा रही है। कई बार शिकायत की लेकिन लाइन ऊपर नहीं उठी। उल्टे अधिकारी घर ही तुड़वाने की धमकी देते हैं। छतों से वायर जाने के चलते बल्ली के सहारे कुछ ऊपर उठा रखा है। जिससे हादसा न हो, फिर भी डर लगा रहता है। वहीं चांदपुर की ढाणी निवासी मोहित यादव ने कहा कि उसने काफी समय पहले थ्री फेस कनेक्शन के लिए अप्लाई किया था, लेकिन उसे कनेक्शन नहीं दे रहे। जबकि मोहल्ले में ही कुछ लोगों के यहां 20 केवी की लाइन है।