कार्रवाई: चौक पर डंपर छोड़ भागे चालक लगा जाम
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
ओवरलोड डंपरों के आए दिन हादसों के बाद आखिर आरटीए की नींद खुली और शुक्रवार रात को सड़क पर उतर आई। टीम ने गुप्तचर विभाग के साथ नाईवाली चौक पर कार्रवाई करनी शुरू की तो पांच ओवरलोड डंपरों को मौके से चालक समेत धर दबोचा। वहीं चार अन्य चालक डंपर नाईवाली चौक पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गए। देर रात तक पुलिस की टीम डंपरों को सड़क से हटाने के साथ ही जाम खुलवाने में जुटी थी। चार पत्थरों से लदे डंपर नाईवाली चौक पर ही छोड़कर चालक भागने के बाद नाईवाली चौक से गोपालदेव चौक तक भीषण जाम लग गया। इसे खुलवाने में पुलिस केे पसीने छूट गए। वहीं आरटीए ने पांचों डंपरों को चालक समेत धरने के बाद नामजद मुकदमा दर्ज किया है। वहीं छोड़कर भागे डंपरों को भी जब्त कर मालिकों और चालकों का पता किया जा रहा है। आरटीए सहायक सचिव सूरत सिंह ने बताया कि अब शहर में ओवरलोड डंपरों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।