फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई: वाहन किए इंपाउंड, ऑयल मिल का खंगाला रिकार्ड

विज्ञापन
विज्ञापन
सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई: वाहन किए इंपाउंड, ऑयल मिल का खंगाला रिकार्ड
विज्ञापन

चरखी दादरी।
सीएम फ्लाइंग की टीम ने मंगलवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर छापामारी कर अनियमितताओं को पकड़ा। रोहतक से पहुंची सात सदस्यीय टीम ने वाहनों के कागजात चेक कर करीब 20 वाहनों को इंपाउंड किए। इसके अलावा मिष्ठान भंडार और ऑयल मिलों पर छापामारी कर गड़बड़ी पकड़ी। सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई से जिले के व्यापारियों में हड़कंप मच गया। सीएम फ्लाइंग इंस्पेक्टर बिजेंद्र पहल ने सुबह तीन टीमें गठित कर अलग-अलग स्थानों पर छापामारी करने के लिए भेजी। इस दौरान सीएम फ्लाइंग का सबसे अधिक फोकस बाहरी क्षेत्रों में चल रही ऑयल मिलों पर रहा। टीम ने दो चरणों में चार ऑयल मिलों पर मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों के साथ मिलकर छापामारी की जोकि देर रात तक जारी थी। टीम ने इस दौरान स्टॉक की जांच करने के साथ स्टॉक रजिस्टर का मिलान भी किया। टीम ने घरेलू गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए भी मिष्ठान भंडारों पर छापामारी की।
रावलधी टी-प्वाइंट से अवैध हथियार सहित पकड़ा युवक
सीएम फ्लाइंग इंचार्ज बिजेंद्र पहल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि रावलधी टी-प्वाइंट पर एक युवक अवैध हथियार लिए खड़ा है। इसके तुरंत बाद उन्होंने दादरी सीआईए को साथ लेकर मौके पर दबिश दी। इस संयुक्त टीम ने रावलधी निवासी सचिन उर्फ रोट को 32 बोर की अवैध पिस्तौल सहित काबू किया। इसके तुरंत बाद पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज कर लिया। वाहनों पर कार्रवाई से हड़कंप मचा
विज्ञापन

यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले चालकों के खिलाफ सीएम फ्लाइंग ने सुबह करीब सात बजे ही मोर्चा खोल लिया। स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर टीम ने तीन घंटे के अंदर 13 गाड़ियां इंपाउंड करने के साथ तीन गाड़ियों के चालान किए जबकि एक गाड़ी ओवरलोड मिलने पर चालक और मालिक पर मामला दर्ज करवाया। दोपहर साढ़े 12 बजे तक इस टीम ने 20 वाहनों को इंपाउंड किया जबकि पांच के चालान काटे। इस दौरान टीम ने एक निजी बस के कागजातों की भी जांच की और अधूरे कागजात मिलने पर कार्रवाई भी अमल में लाई गई।
मिष्ठान भंडार से बरामद घरेलू सिलेंडर
सीएम फ्लाइंग ने ढाणी फौगाट ओवरब्रिज के समीप गोयल मिष्ठान भंडार पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के साथ छापामारी की। इस दौरान टीम ने तीन घरेलू गैस सिलेंडर भी बरामद किए। इन सिलेंडरों को सीएम फ्लाइंग ने कब्जे में लेकर खाद्य एवं पूर्ति विभाग को आगामी कार्रवाई के लिए सौंपा। इस दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार जगदीश चंद्र, खाद्य एवं पूर्ति विभाग के नियंत्रक जयप्रकाश भी टीम के साथ थे।
चार ऑयल मिलों पर छापामारी, घंटों चली जांच
सीएम फ्लाइंग की मानें तो शहर की ऑयल मिलों में चल रही मार्केटिंग कमेटी की फीस की गड़बड़ी की शिकायत लगातार मिल रही थी। इन पर संज्ञान लेकर शहर की बड़ी चार ऑयल मिलों पर टीम ने छापामारी की। सीएम फ्लाइंग की छापामारी से मिल संचालकों में हड़कंप मच गया। सुबह करीब 11 बजे टीम ओपी कॉटन मिल और श्री कृष्ण ऑयल मिल पर छापामारी करने पहुंची। टीम ने स्टॉक रजिस्टर व गोदाम के स्टॉक की जांच की। रजिस्टर नहीं दिखाने पर टीम ने दोनों मिल संचालकों पर दस-दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। वहीं, सूत्रों की मानें तो स्टॉक में भी गड़बड़ी मिली और इसके अनुसार मार्केटिंग फीस की चोरी करने पर जुर्माने का आंकलन करने की प्रक्रिया देर शाम तक भी जारी थी। शाम करीब पांच बजे इन टीमों ने मकड़ानियां ऑयल मिल और मकड़ानियां गम एवं केमिकल मिल पर भी छापामारी की।
देरी से पहुंचे कर्मचारियों को लिया आड़े हाथों
ऑयल मिलों का औचक निरीक्षण करने सीएम फ्लाइंग के पहुंचने की सूचना पाकर मार्केटिंग बोर्ड कर्मचारियों के पसीने छूट गए। शहर की एक ऑयल मिल पर तो टीम के स्टॉक की जांच व स्टॉक रजिस्टर खंगालने के बाद मार्केटिंग बोर्ड के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों के देरी से पहुंचने पर सीएम फ्लाइंग इंचार्ज बिजेंदर सिंह ने उनको आड़े हाथों लिया और मौके से जेडईएमओ को फोन कर कर्मचारियों की लेटलतीफी सेे अवगत करवाया।
नप चेयरमैन के सामने व्यापारियों ने कोसा सरकार को
ऑयल मिलों पर छापामारी करने पहुंची सीएम फ्लाइंग के आते ही मिल संचालकों ने मामले की जानकारी अनाज मंडी प्रधान रामकुमार रिटौलिया, नगर परिषद चेयरमैन संजय छपारिया और पार्षद रविंद्र गुप्ता को दी। इसके तुरंत बाद ये तीनों श्री कृष्णा ऑयल मिल पहुंचे। इस दौरान नप चेयरमैन के सामने मिल संचालक सहित अन्य व्यापारियों ने इस कार्रवाई को नाजायज बताया। इतना ही नहीं व्यापारियों ने चेयरमैन के सामने प्रदेश और केंद्र की भाजपा सरकार को भी कोसा। इस पर चेयरमैन संजय छपारिया ने कहा कि व्यापार सहित सरकारी कामकाज में पारदर्शिता लाने के लिए सरकार ने यह कदम उठाया है।
विज्ञापन


प्रदेश के मुखिया के आदेशों पर हमने दादरी शहर में छापामारी की। इस दौरान कुछ अनियमितताएं सामने आई और नियमानुसार कार्रवाई की गई। ऑयल मिलों के स्टॉक की जांच की और आगामी कार्रवाई के लिए एक्साइज डिपार्टमेंट और मार्केटिंग बोर्ड के कर्मचारियों को मौके पर बुलाया है। जांच में अभी समय लगेगा और इसके बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी कि मिलों में कितनी और कैसी गड़बड़ी है। - बिजेंद्र पहल, सीएम फ्लाइंग इंचार्ज
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें