सांपला। नगर पालिका चुनाव को लेकर तैयार की गई ड्रॉफ्ट मतदाता सूची को लेकर मंगलवार तक सभी केंद्रों पर करीब 1500 लोगों ने आपत्ति व दावे दर्ज कराए हैं। इनकी सुनवाई 11 व 12 मार्च को होगी। निर्वाचन आयोग ने 13 से 16 नंबर बूथ तक मतदाता सूची तैयार करवाई है।
मतदाता सूची से अगर कोई मतदाता संतुष्ट नहीं है तो उसको लेकर छह केंद्र बनाए हुए हैं जिन पर आपत्ति व दावे दर्ज कराए गए हैं। विद्युत निगम के एसडीओ जोगेंद्र सिंह मोर ने बताया कि उनके पास एक से तीन वार्ड के करीब 215 लोगों ने आपत्ति व दावे दर्ज कराए हैं। इसी तरह अन्य केंद्रों पर मतदाताओं ने शिकायतें दर्ज कराई हैं।
सांपला नगर पालिका के रिवाइजिंग प्राधिकारी मुकुंद तंवर ने बताया कि मतदाताओं को सार्वजनिक सूचना के माध्यम से अवगत कराया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दावों-आपत्तियों की सुनवाई सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक होगी।
नगर पालिका प्रशासन ने संबंधित वार्डों के सभी मतदाताओं से अपील की है कि यदि किसी मतदाता को ड्राफ्ट मतदाता सूची के संबंध में कोई दावा या आपत्ति प्रस्तुत करनी है तो वह निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर सुनवाई प्रक्रिया में भाग ले सकता है।