रोहतक। कोरोना का खौफ बना हुआ है। जिले में सोमवार को पीजीआई के तीन चिकित्सक समेत पांच नए संक्रमित मरीज मिले हैं। पिछले तीन दिन में पीजीआई के पांच चिकित्सकों का संक्रमित होना स्वास्थ्य चिंताओं को बढ़ाने वाला है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में सोमवार को पांच नए संक्रमित केस मिले। इनमें से तीन पीजीआई के डॉक्टर हैं। इसमें 17 वर्षीय नाबालिग व एक महिला शामिल है। इससे पूर्व शनिवार को दो चिकित्सक संक्रमित मिल चुके हैं। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 19 पहुंच गई है। विभाग ने दिन भर में 551 सैंपल लिए। जबकि 111 को अपनी रिपोर्ट का इंतजार रहा। महामारी की संक्रमण दर 0.009 प्रतिशत व सुधार की दर 98.07 प्रतिशत रही। स्वास्थ्य विभाग लोगों को महामारी से बचाव का सुरक्षा चक्र मुहैया कराने के लिए टीकाकरण अभियान चलाए हुए है।