कोरोना से जिले में एक और मौत की पुष्टि हुई है। शहर के सेक्टर एक में रहने वाली 42 वर्षीय महिला की मौत के साथ जिले में अब तक दम तोड़ने वालों का आंकड़ा 558 पहुंच गया है। इसके अलावा 49 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित मिली हैं। इसके साथ ही संक्रमितों का आंकड़ा 25,815 हो गया है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में बुधवार को कोरोना से एक महिला की मौत हो गई। जबकि एक महिला संक्रमित मिली है। जिले के 93 संभावितों को अपनी रिपोर्ट का इंतजार है। वहीं जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 20 है। इनमें से 9 मरीज अस्पताल व 11 घरों पर एकांतवास में उपचाराधीन हैं। विभाग ने दिन भर में 683 लोगों के सैंपल लिए। इन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है। कोरोना संक्रमण दर 5.51 प्रतिशत व रिकवरी दर 97.76 प्रतिशत है। वैक्सीनेशन अभियान के तहत बुधवार को जिले के विभिन्न इलाकों में शिविर लगाए गए हैं। इनमें 653 को पहली व 409 को वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई गई। जिले में अब तक तीन लाख 42 हजार 931 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।
ब्लैक फंगस के 74 मरीजों के लिए 246 इंजेक्शन आए
पीजीआई में ब्लैक फंगस के मरीजों को चिकित्सीय सेवा राहत पहुंचा रही है। यही वजह है कि ब्लैक फंगस के केसों में कमी आ रही है। संस्थान के जनसंपर्क विभाग के कार्यकारी इंचार्ज डॉ. गजेंद्र सिंह ने बताया कि पीजीआईएमएस में ब्लैक फंगस के अब 74 मरीज भर्ती हैं। इनमें से चार का ऑपरेशन किया गया है। इन मरीजों के लिए 246 इंजेक्शन मिले। इन्हें मरीजों को लगा दिया गया है।