रोहतक। आयकर विभाग की कर्मचारी को झांसा देकर एक युवक ने 38 हजार रुपये ठग लिए। महिला गांधी कैंप निवासी शिक्षा ने आर्य नगर थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है।
पुलिस को दी शिकायत में शिक्षा खुराना ने बताया कि वह आयकर विभाग के कार्यालय में कार्यरत है। 12 जून को वह अपने कार्यालय में काम कर रही थी। तभी एक युवक ने कॉल की, बोला उसे आपके पति के खाते में 12 हजार रुपये भेजने हैं। उसने आपका नंबर दिया है। उसके पास पहला मैसेज 10 हजार रुपये व दूसरा 20 हजार रुपये क्रेडिट होने का आया। युवक ने कहा कि उसने गलती से ज्यादा राशि भेज दी, क्योंकि वह तनाव में है। उसे पैसे वापस लौटा दे। इसके बाद झांसा देकर आरोपी ने 38 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। उसने शक होने पर अकाउंट की जांच की तो खाते में केवल 1142 रुपये बैलेंस मिला। एटीएम बूथ पर जाकर स्टेटमेंट निकलवाई तो पता चला कि उसके खाते में पैसे क्रेडिट होने के केवल मैसेज आए, पैसे नहीं आए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कर लिया है।