छह बहनों के एकलौते भाई की करंट से मौत, परिजनों ने लगाया जाम
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
सिटी थाना क्षेत्र के मोहल्ला आनंद नगर में शनिवार शाम करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। बताया जाता है कि हादसा उस वक्त हुआ जब मोहल्ले के ही एक दुकानदार ने उसे ग्लोसाइन बोर्ड लगाने के लिए छत पर भेजा। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने देर शाम सरकुलर रोड स्थित आजाद चौक पर जाम लगा दिया। परिजन आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। जाम की सूचना पर सिटी थाना प्रभारी कर्मवीर खटाणा मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाया। करीब आधे घंटे लगे जाम के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई।
जानकारी अनुसार मोहल्ला आनंद नगर निवासी पुनीत (18) छह बहनों का एकलौता भाई था। पढ़ाई करने के साथ-साथ वह मोहल्ले में ही गोलगप्पे की रेहड़ी लगाकर गुजारा करता था। शनिवार शाम को रोज की तरह वह मोहल्ले में ही कुछ दूरी पर रेहड़ी लगाए खड़ा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसी दौरान पास के ही एक दुकानदार ने उसे दुकान पर ग्लोसाइन बोर्ड लगाने को कहा। बोर्ड लगाने के लिए वह छत पर चढ़ा और ग्लोसाइन बोर्ड लगाने लगा तो वह करंट की चपेट में आ गया। करंट का जोरदार झटका लगने से वह छत से नीचे गिरा। मोहल्ले के अन्य लोगों ने नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर देर शाम पहुंची सिटी थाना पुलिस मामले में कार्रवाई करने में जुटी थी।