रोहतक। कोरोना का प्रकोप हर दिन संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। मंगलवार को जिले में 275 संक्रमित केस मिले। इसके साथ ही अब जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1337 पहुंच गई है। इनमें डॉक्टर, विद्यार्थी व अन्य वर्ग शामिल हैं। इलाज के बाद ठीक हुए 136 लोगों को छुट्टी दे दी गई।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में 275 नए कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए हैं। विभाग ने 1482 लोगों के सैंपल लिए। इनमें से 1090 आरटीपीसीआर व 392 रैपिड एंटीजन टेस्ट हुए। जबकि 523 को अपनी रिपोर्ट का इंतजार रहा। जिले में सामने आए कुल 1337 में से पांच मरीज अस्पताल व शेष 1332 घरों में उपचाराधीन हैं। संक्रमण दर 4.36 प्रतिशत व सुधार की दर 93.14 प्रतिशत है।
इधर, विभाग का टीकाकरण अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। दिन भर में 4035 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। इनमें से 1497 को पहली व 2538 को दूसरी डोज लगाई गई। विभाग जिले में अब तक 1457139 वैक्सीन डोज लगा चुका है। इसके अलावा 15 से 18 वर्ष के 26864 किशोरों को भी वैक्सीन लगाई गई।