12-सोनीपत रोड पर नगर निगम के वार्ड 10 में शामिल बोहर में रोड निर्माण करते कर्मचारी। संवाद
रोहतक। बोहर व रोहतक आने-जाने वाले लोगों के लिए सोनीपत रोड पर आवागमन सुगम होगा। 25 करोड़ रुपये से 11.20 किलोमीटर लंबी नई सड़क बनाई जाएगी। सड़क पर दूषित पानी जमा होने की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।
नगर निगम के वार्ड-10 में शामिल बोहर से सड़क निर्माण शुरू हो गया है। कंक्रीट की सड़क बनाई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा।
सड़क पर गंदा पानी भरने की पांच साल से समस्या बनी हुई है। राहगीर व वाहन चालक परेशान हैं। अब सड़क निर्माण शुरू होने से लोगों को राहत की उम्मीद जगी है। अधिकारियों का दावा है कि आगामी छह माह में निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।
दो चरणों में होगा सड़क का निर्माण
बोहर में बन रही कंक्रीट की सड़क का निर्माण दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में ड्राई लीन कंक्रीट यानी डीएलसी की सड़क बनाई जा रही है। इसमें सीमेंट व पानी की मात्रा कम होती है जिससे सड़क को आधारभूत मजबूती मिलती है। इसके ऊपर पेवमेंट क्वालिटी कंक्रीट डाली जाएगी। जो सड़क को शानदार आकार प्रदान करती है और सड़क मजबूत व टिकाऊ बनती है।
क्या बोले लोग?
सड़क पर नाले का गंदा पानी जमा होने से लोग परेशान हैं। सड़क पार करना भी मुश्किल रहा है। अब सड़क बनने से राहत मिलेगी।
- चंद्रभान, बोहर
घरों के बाहर सड़क पर गंदा पानी जमा है। मच्छर पनप रहे हैं। सड़क निर्माण का वर्षों से इंतजार कर रहे थे।- लीलू, बोहर
इस सड़क पर सालों से बुरा हाल बना हुआ है। यहां राहगीर चोटिल भी हो रहे थे लेकिन अब नया रोड बनने से राहत मिलेगी।
- कैलाश, बोहर
वर्जन
सोनीपत स्टैंड से भालौठ तक राज्य राजमार्ग पर सड़क बनाई जा रही है। करीब 25 करोड़ से बनने वाली सड़क के सुधार कार्य को एजेंसी ने शुरू कर दिया है। नई सड़क 11.20 किलोमीटर लंबी बनेगी।
-अरुण, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, रोहतक।