परिचालक लाइसेंस की मारामारी, हंगामा
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
हरियाणा रोडवेज में परिचालकों की भर्ती के लिए आवेदन मांगने के बाद शहर के रेडक्रास भवन में युवक भारी संख्या में लाइसेंस बनवाने पहुंच रहे हैं। अव्यवस्था का आलम यह है कि सात दिन की प्राथमिक ट्रेनिंग देने वाले दोनों ट्रेनर युवाओं के फार्म छोड़ गए। दो दिन बाद भी जब कोई ट्रेनर रेडक्रास कार्यालय नहीं पहुंचा तो वीरवार को युवाओं ने हंगामा कर दिया। इसके बाद एसडीएम कुशल कटारियां ने आनन-फानन में इतिहास के लेक्चरर अनिल यादव को ट्रेनिंग के लिए बुलाया। तब जाकर करीब दोपहर 12 बजे ट्रेनिंग शुरू हो सकी। उल्लेखनीय है कि 24 जून को परिचालक पद के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख है। आवेदन करते समय परिचालक लाइसेंस की साइट पर अपलोड करना जरूरी है।
भाजपा नेताओं पर घर में लाइसेंस बनवाने के लग चुके हैं आरोप
प्राथमिक उपचार की ट्रेनिंग के लिए रेडक्रॉस के पास कोई स्थायी ट्रेनर नहीं है। ट्रेनिंग के लिए बाहर से ही उधार के ट्रेनर से काम चलाना पड़ता है। बीते दिनों लाइसेंस बनवाने वालों हजारों की संख्या में रेडक्रास पहुंचे। इसके चलते व्यवस्था पटरी पर उतर गई। ट्रेनर युवाओं को अधर में छोड़कर चलते बने। इतना ही नहीं इस दौरान युवाओं की ओर से दफ्तर के सीसे तक तोड़े गए। इसके चलते प्रशासन को यहां पर पुलिस कर्मी तैनात करने पड़े। वहीं कुछ लोगों ने भाजपा नेताओं पर घर पर लाइसेंस बनवाने के आरोप भी लगाए।
भीड़ अधिक होने से परेशानी चल रही थी। बावजूद इसके सभी का काम किया जा रहा था। लेकिन दो दिन से ट्रेनर के चले जाने के बाद ज्यादा परेशानी हुई। इसके बाद प्रशासन ने वीरवार को लेक्चरर अनिल यादव को बतौर ट्रेनर यहां भेज दिया है। - रवि हुड्डा, सहायक सचिव, आरटीए