फिल्म अभिनेता नसरूद्दीन का भविष्य इस देश ने बनाया, उनके बच्चों का भी बनेगा: शाहनवाज हुसैन
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि फिल्म अभिनेता नसरूद्दीन शाह का भविष्य इस देश ने बनाया है और उनको देश में पूरा सम्मान भी मिला है। अब उनके बच्चों का भविष्य भी यह देश बनाएगा और उनको भी नसरूद्दीन शाह की तरह सम्मान मिलेगा। इसलिए उनको देश को बदनाम करने वाला कोई बयान नहीं देना चाहिए।
राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन का दिल्ली से पानीपत जाते समय मुरथल में एक ढाबे पर सीएम के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने स्वागत किया। जहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए शाहनवाज हुसैन ने तीन राज्यों में भाजपा की हार पर कहा कि भाजपा का जनाधार खत्म नहीं हुआ है, बल्कि वह केवल फिसला है। भविष्य में संगठन इसके कारणों पर संज्ञान लेते हुए लोकसभा चुनाव से पहले सुधार करने के लिए काम कर रहा है। कहा कि देश की जनता नरेंद्र मोदी को दोबारा पीएम के पद पर देखना चाहती है। कहा कि यह पीएम नरेंद्र मोदी की बढ़ती लोकप्रियता का कारण है कि एक दूसरे के खिलाफ बोलने वाली राजनीतिक पार्टियां देश में पहली बार एक मंच पर आई हैं, ताकि पीएम नरेंद्र मोदी को रोककर देश के संसाधन का दोहन कर सकें। उन्होंने कहा कि देश की जनता तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और सबको सरकार का संरक्षण प्राप्त हो, इसके लिए पीएम नरेंद्र मोदी दिन-रात काम कर रहे हैं। व्यवस्था में आ रहे बदलाव से आज वह लोग परेशान हुए हैं जो एक-दूसरे को कोस कर देश सत्ता पर काबिज होकर जनता को धोखा देते थे। बिहार में लोकसभा चुनाव में गठबंधन पर कहा कि बिहार में जनता दल (यूनाईटेड) व लोक जनशक्ति पार्टी के साथ भाजपा का गठबंधन रहेगा। वहां सभी लोकसभा सीटें जीतकर पीएम नरेंद्र मोदी को दोबारा पीएम बनाएंगे।