26 नवंबर की महारैली को लेकर नहीं थम रही रार, आरोप-प्रत्यारोप जारी
- यशपाल मलिक गुट जसिया में कर रहा है जाट महारैली का आयोजन
- जाट समाज के कुछ लोग लगातार कर रहे हैं महारैली का विरोध
- विपक्ष ने जसिया में की पंचायत, 18 तारीख को हुड्डा खाप पंचायत बुलाने का दावा
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति की 26 नवंबर को जसिया में होने वाली रैली को लेकर विवाद थम नहीं रहा है। महारैली को लेकर समिति और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। शनिवार को भी महारैली का विरोध कर रहे दूसरे पक्ष ने जसिया गांव की चौपाल पर पंचायत आयोजित की।
दरअसल, यशपाल मलिक गुट ने 26 नवंबर को जसिया में जाट महारैली बुलाई है। साथ ही दीनबंधु छोटूराम संस्थान की आधारशिला भी रखी जाएगी। मलिक गुट के विरोध में शुक्रवार को जाट समाज के कुछ लोगों ने जसिया गांव की चौपाल पर पंचायत बुलाई। पंचायत से पहले सभी लोग जाट भवन में इकट्ठा हुए। हालांकि पंचायत में अधिक लोग नहीं पहुंचे। वक्ताओं ने लोगों से आह्वान किया कि जाट समाज की तरफ से दिए गए चंदे से संस्थान की नींव रखी जा रही है, जो गलत है। पहले जेल में बंद युवाओं की रिहाई होनी चाहिए। उसके बाद ही संस्थान का निर्माण हो। इसके साथ ही निर्णय लिया कि गांव-गांव में जाकर लोगों को जागरूक करेंगे और 18 नवंबर को हुड्डा खाप की पंचायत बुलाई जाएगी। इस पर सभी ने सहमति जताई।
पंचायत में नहीं पहुंचे लोग : कृष्णलाल हुड्डा
उधर, अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के मुख्य महासचिव कृष्णलाल हुड्डा का कहना है कि कुछ युवा समिति के निकाले गए लोगों के साथ मिलकर जसिया में पंचायत करने गए थे, लेकिन ग्रामीणों ने उनकी बात सुनने से इनकार कर दिया। इस पर कुछ देर बैठकर वहां से वापस आ गए। आरोप लगाया कि महारैली को असफल करने के लिए सरकार के साथ कुछ तत्व मिलकर सक्रिय है। जाट समाज जानता है कि समिति के पदाधिकारी उनके साथ धोखा नहीं कर रहे। 26 नवंबर को हर हाल में महारैली होगी। उधर, खिडवाली गांव के सरपंच ओमप्रकाश हुड्डा की तरफ से भी प्रेस नोट जारी किया गया। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को ब्लाक में सरपंचों की बैठक हुई थी। इसमें 27 सरपंच इकट्ठा हुए थे और सभी ने सर्वसम्मति से सुमित सरपंच को एसोसिएशन के प्रधान पद से हटा दिया था। उनके स्थान पर राकेश किलोई को नया प्रधान बनाया गया है।
जसिया में पंचायत चौपाल में पंचायत में दो दिन में गांव को इकट्ठा कर के 18 तारीख में हुड्डा खाप की पंचायत में बुलाई
झज्जर, जींद